Follow Us:

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल का निधन, CM जयराम ने जताया शोक

|

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य के दिग्गज नेता केशुभाई पटेल का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। गुरुवार सुबह सांस लेने में तकलीफ होने के बाद केशुभाई पटेल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। सितंबर के आखिरी में ही केशुभाई पटेल कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। हालांकि वे कोरोना को हराने में सफल रहे थे। 

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल के निधन पर शोक जताते हुए भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थन की है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए कहा कि गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल के निधन का दुखत समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और शोकग्रस्त परिवार को इस असहनीय दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी केशुभाई पटेल ने निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। 

बता दें कि केशुभाई पटेल दो बार गुजरात के मुख्यमंत्री रहे हैं। केशुभाई पटेल ने 1960 के दशक में जनसंघ कार्यकर्ता के रूप में शुरूआत की थी। वह जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। आपातकाल के बाद 1977 में केशुभाई पटेल राजकोट से लोकसभा के लिए चुने गए थे। लोकसभा सदस्य से इस्तीफी देने के बाद वह बाबूभाई पटेल की जनता मोर्चा सरकार में 1978 से 1980 तक कृषि मंत्री रहे।

केशुभाई पटेल 1978 और 1995 के बीच कलावाड़, गौंडल और विशावादार से विधान सभा चुनाव जीते। 1980 में जब जनसंघ पार्टी को भंग कर दिया गया तो वे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ आयोजक बने। उन्होनें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के खिलाफ चुनाव अभियान का आयोजन किया और उनके नेतृत्व में 1995 के विधान सभा चुनाव में भाजपा को जीत मिली थी।