Follow Us:

वर्तमान सरकार के उदासीन रवैये के कारण क्षेत्र “लावारिस” जैसा कर रहा महसूस

|

  • पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह ने लडभड़ोल में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस सरकार की तीखी आलोचना की

  • जोगिंदरनगर और लडभड़ोल में विकास कार्य ठप होने, सड़कों और स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति पर सवाल उठाए


Himachal Politics: पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह ने बुधवार को लडभड़ोल में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है और उसकी कोई स्पष्ट कार्यनीति नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रशासन और विधायकों पर से अपनी पकड़ खो दी है, जिससे प्रदेश में स्थिरता और कार्यप्रणाली दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

ठाकुर गुलाब सिंह ने कहा कि यह सरकार केवल “देखने वाली सरकार” बनकर रह गई है, जो जमीनी स्तर पर न तो समस्याएं सुन रही है और न ही समाधान कर रही है। उन्होंने अपने पूर्ववर्ती विधानसभा क्षेत्र जोगिंदरनगर और लडभड़ोल का विशेष तौर पर उल्लेख करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में शुरू किए गए विकास कार्य अब पूरी तरह ठप पड़ गए हैं।

सड़कों की बदहाल हालत, पेयजल योजनाओं की अनदेखी, और अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी को लेकर उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में दो पुल तो बन गए हैं लेकिन अभी तक बस सेवा बहाल नहीं हो पाई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है जैसे यह पूरा क्षेत्र “लावारिस” बन चुका है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है, और अब जनता को भाजपा की तरफ उम्मीद की नजरों से देखना चाहिए। उन्होंने अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि लोग प्रदेश सरकार की असफलताओं के खिलाफ आवाज बुलंद करें।