Follow Us:

पूर्व सैनिकों ने समाज को दी नसीहत, दिव्यांग महिला श्रद्धालु को कराए दर्शन

मनोज धीमान |

ज्वालामुखी मन्दिर में पूर्व सैनिकों ने दिव्यांग को मन्दिर में दर्शन करवाकर समाज को नसीहत दी है कि वह भी जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए आगे आए। पूर्व सैनिकों ने दर्शनो को आई दिव्यांग महिला श्रद्धालु को व्हील चेयर द्वारा माता के दर्शन करवाये। जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ से श्रद्धालु अशोक कुमार का परिवार माता के दर्शनों को ज्वालाजी आया हुआ था। उनके साथ एक महिला श्रद्धालु भी थी जो चलने फिरने में बिल्कुल असमर्थ थी।

इसके उपरांत श्रद्धालु अशोक ने मुख्य मंदिर मार्ग पर बनी पुलिस चौकी में सम्पर्क किया तभी वहां कार्यरत्त कर्मी ने इसकी सूचना मन्दिर में दी। सूचना मिलने पर मन्दिर में कार्यरत्त पूर्व सैनिकों दिलावर सिंह, जीत कुमार और मंदिर कर्मचारी कुलदीप कुमार ने बस स्टैंड पहुंचकर व्हील चेयर द्वारा अपंग महिला को मन्दिर तक पहुंचाया और सीढियों से उठाकर मन्दिर में दर्शन करवाये। चंडीगढ़ से आए हुए श्रद्धालु अशोक कुमार ने मंदिर प्रशासन और पूर्व सैनिकों का तहे दिल से धन्यवाद किया।