Follow Us:

लाहौल स्पीति में ताजा बर्फबारी, अक्टूबर में 96% कम बारिश ने बढ़ाई चिंता

|

Snowfall in Lahaul-Spiti: हिमाचल प्रदेश के दूरस्थ जिले लाहौल स्पीति के रोहतांग दर्रे के पास ताजा बर्फबारी हुई है, जिससे रोहतांग घूमने आए पर्यटकों के चेहरों पर खुशी लौट आई है। पर्यटकों ने बर्फबारी का जमकर आनंद लिया। हालांकि, प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद अक्टूबर माह में सूखे जैसी स्थिति बनी हुई है। 1 से 17 अक्टूबर के बीच प्रदेश में सामान्य से 96 फीसदी कम बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य बारिश 17.5 मिमी होनी चाहिए थी, लेकिन इस बार केवल 0.7 मिमी बारिश हुई है।

हिमाचल के 12 में से 10 जिलों में 1 मिमी से कम बारिश दर्ज की गई है। ऊना जिले में 8.6 मिमी, मंडी में 3.7 मिमी और कांगड़ा में केवल 1 मिमी बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। इसके कारण प्रदेश में तापमान सामान्य से अधिक हो गया है, जिससे ठंड की दस्तक भी इस बार देरी से होगी।

23 अक्टूबर को ऊंचे पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग ने बताया कि 22 अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा, जबकि 23 अक्टूबर को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। लाहौल स्पीति, चंबा, किन्नौर और कांगड़ा के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। इस समय न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक और अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

तापमान में उछाल

प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान इस समय सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है। केलांग में पिछले दो सप्ताह से धूप खिलने के कारण अधिकतम तापमान में 6.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में केलांग का तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस है। वहीं, ऊना का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस है। प्रदेश के सात शहरों में तापमान 30 डिग्री या इसके आसपास बना हुआ है।