Follow Us:

मनाली में हुई ताजा बर्फबारी, पर्यटकों की संख्या में इजाफा

समाचार फर्स्ट डेस्क |

प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार को प्रदेश के मनाली औऱ आसपास के इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी से पहाड़ियां बर्फ से ढक गई हैं। प्रदेश में लगातार तापमान में गिरावट आने से जहां हाड़ कापाने वाली ठंड पड़ रही है वहीं पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि होने से स्थानीय व्यापारियों के चहरे खिल उठे हैं। साथ ही मनाली के पास सोलांग स्की रिजॉर्ट और सुरम्य कोठी पर्यटकों और स्की करने वालों को आकर्षित कर रहा है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के एक अधिकारी ने कहा, "पिछले 24 घंटों में कुल्लू और किन्नौर जिलों में बर्फबारी हुई है। शिमला, कुल्लू, किन्नौर, कांगड़ा और चंबा जिलों में शीतलहर जारी है।"

जानकारी के अनुसार प्रदेश की राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मनाली का तापमान शून्य से 5.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। शिमला से लगभग 250 किलोमीटर दूर कल्पा में गुरुवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लाहौल और स्पीति जिले के केलांग का तापमान शून्य से 11.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। धर्मशाला का तापमान 3.2 डिग्री और डलहौजी का शून्य से 1.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

स्थानीय लोग इस बर्फबारी से खुश हैं क्योंकि वे इस हफ्ते के अंत में बर्फबारी के कारण रिकॉर्ड संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि 30 दिसंबर तक राज्य में अलग-अलग स्थानों पर अधिक बारिश या बर्फबारी की संभावना है।