➤ घुमारवीं में सीर खड्ड के पास दर्दनाक हादसा, 10वीं की एक छात्रा की मौत
➤ परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थीं दोनों सहेलियां, दूसरी की तलाश जारी
➤ एसपी बोले, हर पहलू से जांच जारी, कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं
घुमारवीं (बिलासपुर)। बिलासपुर जिले के घुमारवीं में रविवार शाम सीर खड्ड के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बरमाणा क्षेत्र की दो नाबालिग सहेलियां शनिवार सुबह सुंदरनगर में परीक्षा देने की बात कहकर घर से निकली थीं। दोनों दसवीं कक्षा की छात्राएं हैं। हादसे में 14 वर्षीय एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय दूसरी छात्रा का देर तक कोई सुराग नहीं मिल पाया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सीर खड्ड में तलाशी अभियान शुरू करवाया। काफी मशक्कत के बाद एक छात्रा का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरी की तलाश जारी रही। बताया जा रहा है कि घटना का पता मलोट गांव के एक व्यक्ति की बेटी की नजर पड़ने पर चला। वह अपने पिता के साथ गाड़ी में घुमारवीं से घर लौट रही थी। उसने दोनों छात्राओं को पुल से छलांग लगाते देखा और पुलिस को सूचना दी।
परिजनों के अनुसार दोनों के शनिवार को घर नहीं पहुंचने पर चिंता बढ़ गई थी। एक छात्रा के नाना को जानकारी मिली कि दोनों घुमारवीं में हैं, तो उन्होंने दो युवकों को उन्हें समझाकर घर लाने के लिए भेजा। युवकों के पहुंचने से पहले ही यह घटना हो चुकी थी। लापता छात्रा प्रवासी परिवार की बेटी है, जबकि दूसरी अपने ननिहाल में रहती थी। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले स्कूल की ओर से बरोट वैली गए टूर में ये छात्राएं भी शामिल थीं।
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि दोनों के सीर खड्ड तक पहुंचने और घटना के कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
इस घटना ने अभिभावकों और स्कूलों के लिए अहम सवाल खड़े किए हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि किशोरावस्था में पढ़ाई का दबाव, दोस्ती और रिश्तों की उलझनें, सोशल मीडिया का असर और अपनी बात न कह पाने की घुटन बच्चों के मन पर गहरा प्रभाव डाल सकती है। ऐसे में बच्चों में अचानक चुप रहना, अकेले रहना, नींद या भूख में बदलाव, पढ़ाई से दूरी और बिना बताए घर से बाहर जाने जैसे बदलावों को हल्के में नहीं लेना चाहिए।
अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों से रोजाना खुलकर बात करें, उनकी बात बिना डांटे सुनें और उनके दोस्तों व गतिविधियों की जानकारी रखें। स्कूलों में काउंसलिंग की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए। यदि किसी बच्चे या किशोर को लगातार उदासी, निराशा या तनाव महसूस हो, तो तुरंत किसी भरोसेमंद व्यक्ति या विशेषज्ञ से बात करनी चाहिए। मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए राष्ट्रीय टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 (निशुल्क, 24 घंटे) पर संपर्क किया जा सकता है। आपात स्थिति में 112 पर कॉल करें।



