Follow Us:

राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों को स्वतन्त्रता दिवस और रक्षा बंधन की दी बधाई

पी. चंद |

राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर  ने स्वतन्त्रता दिवस के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। अपने बधाई संदेश में राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है, जिसका श्रेय प्रदेश के मेहनतकश और ईमानदार लोगों को जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक हिमाचलवासी के लिए यह गर्व की बात है कि राज्य लगभग सभी प्रमुख क्षेत्रों में देश का आदर्श राज्य बनकर उभरा है। कलराज मिश्र और जय राम ठाकुर ने आशा व्यक्त की है कि लोगों के सहयोग एवं प्रदेश सरकार के सतत् प्रयासों से राज्य आने वाले वर्षों में प्रगति एवं विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा।

राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बधाई दी है। राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया है कि रक्षाबन्धन का त्यौहार जहां आपसी भाई-चारे को बढ़ाएगा, वहीं समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि रक्षाबन्धन का त्यौहार परिवार व समाज में आपसी भाई-चारे को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश व देश में शांति, सौहार्द व आपसी भाई-चारे को बढ़ाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण त्यौहार है।