Follow Us:

राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुषमा स्वराज को दी श्रद्धांजलि

पी. चंद |

राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के असामायिक निधन पर अपना गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बीजेपी मुख्यालय नई दिल्ली में जाकर सुषमा स्वराज के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सुषमा स्वराज का गत मंगलवार रात्रि को निधन हुआ। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि सुषमा स्वराज एक कुशल नेत्री, असाधारण सांसद, प्रखर वक्ता, कुशल प्रशासक, संवेदनशील व्यक्तित्व की महिला थीं। उन्होंने लम्बे समय तक देश की सेवा की और अपने कार्यों से सभी को प्रभावित किया। उनके आकस्मिक निधन से राष्ट्र को अपूर्णीय क्षति हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुषमा स्वराज के निधन के साथ ही भारतीय राजनीति का एक बेहतरीन अध्याय समाप्त हो गया। उन्होंने कहा कि सुषमा स्वराज का निधन न केवल पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति है अपितु देश के लिए भी एक अपूर्णीय क्षति है। पूर्व विदेश मंत्री एक ऐसे व्यक्तित्व की धनी थी, जिनका सभी पार्टी के नेता सम्मान करते थे। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए जब भी उन्हें मार्गदर्शन की आवश्यकता पड़ी तो उन्हें श्रीमती स्वराज का कुशल मार्गदर्शन प्राप्त हुआ और उनके साथ उनकी अनेक यादें जुड़ी हैं।

राज्य मंत्रिमण्डल के सदस्य महेन्द्र सिंह, सुरेश भारद्वाज, सरवीन चौधरी, डॉ. राम लाल मारकण्डा, विपिन सिंह परमार, वीरेन्द्र कंवर, बिक्रम सिंह, गोविन्द सिंह ठाकुर और डॉ. राजीव सैजल ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर अपना गहरा शोक व्यक्त किया है। सांसद राम स्वरूप शर्मा, किश्न कपूर और सुरेश कश्यप ने भी श्रीमती सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त करते उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और दिवगंत आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की हैं।