Follow Us:

राज्यपाल ने प्राकृतिक खेती कर रहे किसानों के खेतों का किया निरीक्षण

पी. चंद, शिमला |

किसानों की आय को दोगुना करने और जहरमुक्त खाद्यान मुहैया करवाने के लिए प्रदेश में शुरू की गई सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती का निरीक्षण करने के लिए महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने शुक्रवार को शिमला के बसंतपुर ब्लॉक के बमोत और टभोग गांव का दौरा किया। इस दौरान सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती के जनक पद्मश्री सुभाष पालेकर भी राज्यपाल के साथ खेतों में किसानों के बीच मौजूद रहे। राज्यपाल ने निरीक्षण के दौरान किसानों से खेती से संबधित जानकारी ली। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती बड़ी तेजी से बढ़ रही है और आज उन्हें खुशी हो रही है कि किसान इस खेती विधि को पूरी तरह खेतों मे अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस खेती विधि के तहत 2022 तक पूरे प्रदेश को लाने का लक्ष्य रखा हुआ है और इसे पूरा करने के लिए कृषि विभाग के अधिकारी पूरी तन्मयता के साथ काम कर रहे हैं।

राज्यपाल ने केंद्र सरकार की ओर से पेश किए गए बजट में प्राकृतिक खेती विधि को पूरे देश में लागू करने की घोषणा होने के बाद पूरे प्रदेश वासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जिस मॉडल पर हिमाचल प्रदेश चल रहा है उसे अब पूरे देश में अपनाया जाएगा यह बड़े ही गर्व की बात है। बसंतपुर ब्लॉक के दौरे पर आए पद्मश्री सुभाष पालेकर के साथ अनुभव सांझा करने के लिए प्रदेश के 7 जिलों से 200 और बाहरी राज्यों उतराखंड, दिल्ली और महाराष्ट् से 25 किसान आए हुए हैं। इन किसानों ने सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती से उगाई सब्जियों का निरीक्षण किया और किसानों से उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली।

सुभाष पालेकर ने किसानों की फसलों को बंदरों और जंगली जानवरों से बचाने के लिए सरकार की ओर से फेंसिंग के लिए शत् प्रतिशत सब्सिडी देने की मांग की है। इस मौके पर किसान सुरेश ठाकुर ने बताया कि वे पिछले दो सालों से इस खेती को कर रहे हैं और उन्हें पहले ही वर्ष से इसके बेहतर परिणाम देखने को मिल रहे हैं। इसके अलावा टभोग के किसान नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि वे पिछले 18 वर्षों से रासायनिक खेती कर रहे थे और इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य से सबंधित कई बिमारियां हो रही थी। लेकिन पिछले एक वर्ष से जब से वे सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं तब से स्वास्थ्य ठीक रहने के साथ उनकी कृषि लागत भी शून्य के बराबर हो गई है।