➤ विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली रोजगार मेले के पहले दिन 1137 युवाओं ने कराया पंजीकरण, 458 का चयन
➤ 52 कंपनियां देंगी करीब 6000 युवाओं को रोजगार के अवसर, नगरोटा में जुटे हजारों अभ्यर्थी
➤ राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा और विधायक नीरज नय्यर ने किया शुभारंभ, आर.एस. बाली बोले- युवाओं का रोजगार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
नगरोटा, 25 जुलाई। विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली जी ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में युवाओं को रोजगार दिलाने की लड़ाई निरंतर लड़ी तथा उन्हें रोजगार उपलब्ध करवाने के कार्य को सर्वोपरि रखा। उन्होंने नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे हिमाचल प्रदेश के युवाओं को रोजगार दिलाने की मुहिम को बड़े स्तर पर आगे बढ़ाया। ये उद्गार पर्यटन निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आर.एस. बाली ने विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली बाल मेला-2026 के दूसरे दिन अपने संबोधन के दौरान व्यक्त किए।

विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली बाल मेले के दूसरे दिन राजकीय महाविद्यालय, नगरोटा बगवां में विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा तथा चंबा के विधायक नीरज नय्यर द्वारा किया गया। इस अवसर पर सभी ने साक्षात्कार लेने आई विभिन्न कंपनियों के अधिकारियों, साक्षात्कार देने आए युवाओं तथा उनके अभिभावकों से बातचीत की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में आर.एस. बाली ने कहा कि नगरोटा बगवां के युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकारी नौकरियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार के उचित अवसर उपलब्ध हों, इसके लिए वह बाल मेला कमेटी के साथ मिलकर पूरे वर्ष कार्य करते हैं तथा नगरोटा में वर्षभर रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली बाल मेले के अवसर पर प्रत्येक वर्ष विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली रोजगार मेले का आयोजन किया जाता है, जो युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने का एक बड़ा अवसर साबित होता है। इसके माध्यम से हर वर्ष हजारों युवाओं को रोजगार प्राप्त होता है।

उन्होंने बताया कि इस दो दिवसीय विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली रोजगार मेले में अनेक कंपनियां भाग लेती हैं, जो दो दिनों में हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने का कार्य करती हैं। विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली बाल मेले के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष आयोजित विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली रोजगार मेले में 52 कंपनियों ने पंजीकरण करवाया है, जो लगभग 6000 युवाओं को रोजगार देने जा रही हैं। उन्होंने मेला कमेटी के सभी सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली बाल मेला प्रत्येक वर्ष हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित हो पाता है।

मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा तथा विधायक नीरज नय्यर ने विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली बाल मेले के भव्य आयोजन के लिए बाल मेला कमेटी के मुख्य संरक्षक आर.एस. बाली तथा समस्त मेला कमेटी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस मेले को देखकर स्पष्ट होता है कि यह केवल एक मेला नहीं, बल्कि नगरोटा बगवां के लोगों का विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली जी के प्रति अद्भुत स्नेह और सम्मान का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि श्री जी.एस. बाली जी ने नगरोटा बगवां सहित पूरे हिमाचल प्रदेश के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया और लोगों के विकास के माध्यम से ही उन्हें “विकास पुरुष” की उपाधि प्राप्त हुई।

जिला रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार तथा बाल मेला कमेटी के कोऑर्डिनेटर अमित सूद द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली रोजगार मेले के प्रथम दिन 1137 युवाओं ने पंजीकरण करवाया तथा साक्षात्कार के उपरांत प्रथम दिन 458 युवाओं का चयन किया गया।



