➤ शिमला-मटौर कॉरिडोर परियोजना के तहत हमीरपुर बायपास पर एनएच-103 पर निर्माणाधीन 90 मीटर लंबे ट्रस ब्रिज की लॉन्चिंग के दौरान हादसा हो गया
➤ ब्रिज की लॉन्चिंग प्रक्रिया में तकनीकी खराबी आने से संरचना का एक हिस्सा नीचे गिर गया, जिससे तीन लोग घायल हो गए
➤ हादसे में घायल सभी लोगों को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया है, जबकि एनएचएआई के अनुसार पियर्स को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है
शिमला-मटौर कॉरिडोर परियोजना के तहत निर्माणाधीन हमीरपुर बायपास (एनएच-103) पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। यहां 90 मीटर लंबे ट्रस ब्रिज की लॉन्चिंग के दौरान तकनीकी खराबी आने से संरचना का एक हिस्सा नीचे गिर गया। इस दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर ले जाया गया।
एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब ब्रिज की लॉन्चिंग प्रक्रिया के तहत लॉन्चिंग नोज को पियर कैप पर स्थापित किया जा रहा था और ट्रस को पुशिंग विधि से आगे बढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक यांत्रिक खराबी आ गई, जिसके कारण ट्रस संरचना का हिस्सा नीचे आ गिरा। हादसे के बाद निर्माण एजेंसी और एनएचएआई की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और राहत कार्य शुरू किया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में ब्रिज के पियर्स को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है।



