Follow Us:

बेटे ने पीट-पीटकर कर बाप को मार डाला, मां ने मिटाए सबूत, दोनों गिरफ्तार

हमीरपुर में बेटे ने कथित तौर पर 65 वर्षीय पिता की पीट-पीटकर हत्या की

मां पर खून के निशान साफ कर साक्ष्य मिटाने का आरोप, दोनों गिरफ्तार

➤ जमीन गिरवी रखकर बैंक ऋण लेने को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस जांच जारी


हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बड़ैहर गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार बैंक से ऋण लेने के लिए जमीन गिरवी रखने की अनुमति नहीं मिलने पर बेटे ने अपने 65 वर्षीय पिता रत्न चंद की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद मां ने भी बेटे का साथ देते हुए खून के निशान साफ कर हत्या को हादसा साबित करने की कोशिश की। पुलिस ने हत्या के आरोप में बेटे विजय कुमार और साक्ष्य मिटाने के आरोप में उसकी मां सोमा देवी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक घटना बुधवार रात करीब 11:15 बजे हुई। रत्न चंद और उनके बेटे विजय कुमार के बीच जमीन गिरवी रखकर बैंक ऋण लेने को लेकर विवाद हो गया। आरोपी विजय बिजली बोर्ड में टौणीदेवी स्थित कार्यालय में तकनीकी सहायक के पद पर कार्यरत है। वह कारोबार शुरू करने के लिए बैंक ऋण लेना चाहता था और इसके लिए पिता से जमीन के दस्तावेज व सहमति मांग रहा था।

पिता के इन्कार के बाद दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि गुस्से में विजय ने पिता के चेहरे और मुंह पर कई मुक्के मारे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा दिखाने की कोशिश

पुलिस के अनुसार शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो मां-बेटे ने बताया कि रत्न चंद बरामदे में गिरकर घायल हुए हैं। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों ने खून के निशान साफ कर दिए ताकि घटना को हादसा दिखाया जा सके।

 फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद बिलासपुर से पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि रत्न चंद अपनी पत्नी, बेटे और बहू से अलग रहते थे। पुलिस को आशंका है कि घटना के समय पिता और पुत्र दोनों ने शराब का सेवन किया था।

 दोनों को अदालत में किया जाएगा पेश

एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि हत्या के आरोप में बेटे और साक्ष्य मिटाने के आरोप में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।