Follow Us:

राज्यसभा चुनाव से पहले हरियाणा कांग्रेस के 31 विधायक कुफरी पहुंचे , क्रॉस वोटिंग के डर से कांग्रेस ने विधायकों को हिमाचल भेजा


राज्यसभा चुनाव से पहले हरियाणा कांग्रेस के 31 विधायक हिमाचल के कुफरी पहुंचे
क्रॉस वोटिंग की आशंका के बीच रिजॉर्ट में ठहराए गए विधायक
सुक्खू सरकार ने सुरक्षा बढ़ाई, पुलिस पहरे में होटल तक पहुंचाए गए


शिमला। राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। हरियाणा कांग्रेस ने क्रॉस वोटिंग और जोड़-तोड़ की आशंका के बीच अपने 31 विधायकों को हिमाचल प्रदेश भेज दिया है। सभी विधायक शुक्रवार को चंडीगढ़ से रवाना होकर शिमला के कुफरी क्षेत्र में एक रिजॉर्ट में ठहराए गए हैं।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को चंडीगढ़ में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर बैठक और लंच के बाद विधायक तीन लग्जरी टेंपो ट्रैवलर में रवाना हुए। देर शाम करीब आठ बजे सभी विधायक शिमला होते हुए कुफरी पहुंचे।

विधायकों को यहां कुफरी के गलू क्षेत्र स्थित एक रिजॉर्ट और होटल रेडिसन व ट्विन टावर में ठहराया गया है। हिमाचल सरकार ने उनकी सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए हैं और होटल के बाहर पुलिस का सख्त पहरा लगाया गया है।

बैठक में प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद जयप्रकाश और राज्यसभा प्रत्याशी कर्मवीर सिंह बौद्ध सहित सभी 37 विधायक मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक बैठक में विधायकों को हाईकमान का संदेश देते हुए एकजुट रहने और क्रॉस वोटिंग से बचने की सलाह दी गई।

सूत्रों के अनुसार बैठक में विधायकों से यह भी पूछा गया कि क्या भाजपा या उससे जुड़े लोगों की ओर से वोट मांगने के लिए किसी को फोन आया है। कुछ विधायकों ने बताया कि परिचितों के फोन आए थे, लेकिन सिर्फ चुनाव की स्थिति को लेकर सामान्य बातचीत हुई।

हरियाणा विधानसभा में कुल 90 सदस्य हैं। इनमें भाजपा के 48 और कांग्रेस के 37 विधायक हैं, जबकि इनेलो के दो और तीन निर्दलीय विधायक हैं। राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए 31 वोटों की जरूरत होती है। भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया की जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि दूसरी सीट पर कांग्रेस समर्थित कर्मवीर बौद्ध और निर्दलीय उम्मीदवार सतीष नांदल के बीच मुकाबला माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि अगर कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट होकर मतदान करते हैं तो कर्मवीर बौद्ध की जीत की संभावना मजबूत है। हालांकि यदि क्रॉस वोटिंग होती है तो समीकरण बदल सकते हैं।

उधर, हिमाचल की सुक्खू सरकार ने विधायकों की सुरक्षा को देखते हुए सोलन से शिमला तक पुलिस सुरक्षा में उन्हें लाया और कुफरी में होटल के बाहर गश्त बढ़ा दी गई है।

बताया गया है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विनेश फोगाट, कुलदीप वत्स, मोहम्मद इलियास, परमवीर सिंह और चंद्रमोहन समेत छह विधायक कुफरी नहीं गए। इनमें से कुछ विधायकों ने निजी कारणों का हवाला दिया है।