हिम परिवार पोर्टल लॉन्च: 300 सरकारी सेवाएं अब घर बैठे उपलब्ध

|

Him Parivar Portal: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के बैजनाथ में आयोजित राज्यस्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह के अवसर पर हिम परिवार पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल राज्य के नागरिकों को घर बैठे 300 से अधिक सरकारी सेवाओं का उपयोग करने की सुविधा प्रदान करेगा। इस पहल का उद्देश्य सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता लाना और नागरिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने हिम परिवार पुस्तिका का विमोचन किया और हिम परिवार कार्ड भी वितरित किए। इस अवसर पर हिम परिवार परियोजना पर आधारित एक वीडियो प्रस्तुत किया गया, जिसमें इसकी विशेषताओं और लाभों को दर्शाया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कांगड़ा पुलिस थाने को राष्ट्रीय पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया। यह पुरस्कार थाने के अपराध नियंत्रण, शिकायत निवारण, जन सहयोग, प्रशासनिक दक्षता, आधुनिक तकनीक के उपयोग और कर्मचारियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।

इसके अतिरिक्त, नूरपुर पुलिस जिला को कानून प्रवर्तन और प्रशासनिक दक्षता में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। पुलिस अधीक्षक अशोक रतन ने पुरस्कार ग्रहण किया। कुल्लू जिले को दूसरा स्थान और कांगड़ा जिले को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। कुल्लू पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा और कांगड़ा पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने अपने-अपने जिलों के लिए यह पुरस्कार ग्रहण किए।

जनजातीय जिलों की श्रेणी में लाहौल-स्पीति जिला पुलिस ने प्रथम पुरस्कार जीता। मुख्यमंत्री ने परेड कमांडर रवि नंदन (आईपीएस) और अन्य परेड कमांडरों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया।