Follow Us:

हिमाचल में दो दिन जमकर बरसेंगे बादल, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

पी. चंद |

हिमाचल में मानसून की बारिश और भूस्खलन से दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार शाम को राजधानी शिमला में झमाझम बारिश हुई। हालांकि दिनभर सूरज और बादलों की लुकाछिपी चलती रही। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। खराब मौसम को देखते हुए सरकार ने अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 17 अगस्त तक मौसम खराब बना रहेगा। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के आसार हैं। भारी बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न इलाकों में 86 सड़कें यातायात के लिए अभी भी बंद हैं।

रविवार को कांगड़ा, ऊना और मंडी जिले में भी हल्की बारिश हुई। डलहौजी में आठ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। सोलन जिले में भी बारिश से सड़कों को भारी क्षति पहुंची है। पीडब्ल्यूडी को उपमंडल नालागढ़ में 22.70 लाख रुपये का नुकसान पहुंचा है। शिमला-रामशहर-कुनिहार-नालागढ़ मार्ग सिलणु पुल के पास कुछ समय बंद रहा। रूनंग नाले में पानी बढ़ने से कुछ देर के लिए एनएच-5 बाधित रहा।

पिछले 24 घंटों में हुई बारिश

स्थान             एमएम
बैजनाथ         55.4
ऊना              36.5
सुंदरनगर        34.9
रेणुका             29.0
पंडोह             12.0
जंजैहली         12.0
शिमला           11.2
जोगिंद्रनगर    10.0
मंडी               8.2           
नाहन             7.8