Follow Us:

हिमाचल में शुद्ध पेयजल के लिए 2000 करोड़ खर्च करेगी सरकार: सुक्खू

प्रदेश में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 2000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना
बंगाणा में डीएसपी ऑफिस और सब-जज कोर्ट खोलने की मुख्यमंत्री की घोषणा
कुटलैहड़ क्षेत्र में 14.92 करोड़ की पेयजल योजना का शिलान्यास, 10 हजार लोगों को लाभ


ऊना। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए आधुनिक तकनीक से पानी को साफ करने पर करीब 2000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे

मुख्यमंत्री ने यह बात जिला ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने 14.92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तुरकाल पंगा पेयजल योजना का शिलान्यास किया। इस योजना से बुधान, चमयाड़ी, धुंगले, लठियाणी और तनोह पंचायतों के करीब 10 हजार लोगों को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सामर्थ्य ज्ञानदीप पुस्तकालय और सामर्थ्य व्यायामशाला का भी शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने बंगाणा में डीएसपी ऑफिस और सब-जज कोर्ट खोलने की घोषणा की। इसके अलावा रैनसरी और लठियाणी में पीएचसी खोलने का भी ऐलान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के लोगों को स्वच्छ पेयजल और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। समारोह में उपस्थित महिला मंडलों को 25-25 हजार रुपये देने की भी घोषणा की गई।

उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को लेकर लगातार प्रयास कर रहे हैं और सचिवालय में लोगों के कामों के लिए सक्रिय रहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए विशेष कदम उठाए। आपदा में 23 हजार प्रभावित परिवारों को दोबारा बसाने और 75 हजार पर्यटकों को सुरक्षित घर पहुंचाने का कार्य सरकार ने किया। उन्होंने बताया कि पूरी तरह से क्षतिग्रस्त घरों के लिए पहले 1.5 लाख रुपये की सहायता मिलती थी, जिसे बढ़ाकर 7 लाख रुपये किया गया।

भाजपा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने चुनाव जीतने के लिए जनता के पैसे का दुरुपयोग किया और कई भवन बनाए जो आज खाली पड़े हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है

उन्होंने यह भी कहा कि पहले हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान पर पहुंच गया था, लेकिन वर्तमान सरकार के प्रयासों से प्रदेश पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सरकार करीब 3000 करोड़ रुपये हाई-एंड मेडिकल टेक्नोलॉजी पर खर्च करने की योजना बना रही है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना जिले के हर क्षेत्र तक पानी पहुंचाने के लिए करीब 1000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि माता चिंतपूर्णी मंदिर और आसपास की पंचायतों में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए भी योजनाएं लागू की जा रही हैं