➤ हिमाचल के कर्मचारियों को तीन प्रतिशत डीए देने की घोषणा
➤ अक्टूबर की सैलरी-पेंशन के साथ मिलेगा डीए, दिवाली से पहले बकाया एरियर का भुगतान
➤ करीब साढ़े तीन लाख कर्मचारियों-पेंशनरों को सीधा लाभ
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी दिवाली सौगात दी है। उन्होंने सोमवार को घोषणा की कि कर्मचारियों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) जारी किया जाएगा। यह डीए अक्टूबर माह की सैलरी और पेंशन के साथ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अप्रैल से सितंबर 2025 तक का डीए बकाया एरियर दिवाली से पहले कर्मचारियों और पेंशनरों के बैंक खातों में जमा करा दिया जाएगा। इसके बाद अक्टूबर से यह डीए नियमित रूप से सैलरी-पेंशन में शामिल हो जाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलाई 2023 से मार्च 2025 तक के बाकी डीए को लेकर सरकार जल्द अलग आदेश जारी करेगी।
सुक्खू ने यह घोषणा बिजली बोर्ड कर्मचारियों के अधिवेशन में की। उन्होंने कहा कि सरकार अपने कर्मचारियों की भलाई के लिए लगातार काम कर रही है और उनकी लंबित मांगों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने इस डीए की घोषणा 2025-26 के बजट भाषण में की थी, लेकिन भुगतान अब तक अटका हुआ था। अब जाकर कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।
वर्तमान में केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 58 प्रतिशत डीए दे रही है, जबकि हिमाचल में यह 42 प्रतिशत चल रहा था। अब नई घोषणा के बाद राज्य में यह 45 प्रतिशत हो जाएगा। हालांकि केंद्र की तुलना में अब भी 13 प्रतिशत डीए का अंतर बना रहेगा।
इस फैसले से प्रदेश के दो लाख से अधिक कर्मचारी और लगभग डेढ़ लाख पेंशनर लाभान्वित होंगे। कुल मिलाकर साढ़े तीन लाख से ज्यादा लोगों की मांग पर सरकार ने मुहर लगा दी है।
वहीं, कर्मचारियों ने सरकार से जुलाई 2023 के 4%, जनवरी 2024 के 4% और जुलाई 2024 के 3% डीए की बकाया मांग भी दोहराई है।



