➤ नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क और आर्थिक स्रोतों पर प्रहार, चार साल में करीब 92 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त
➤ चार साल में 7,950 एनडीपीएस मामले दर्ज, 12,302 आरोपी गिरफ्तार, 1,384 किलो चरस और 59 किलो चिट्टा बरामद
➤ नशे में संलिप्त 168 सरकारी कर्मचारियों पर केस दर्ज, 30 राज्य कर्मचारी और 21 पुलिसकर्मी बर्खास्त
शिमला। हिमाचल प्रदेश में चिट्टा और अन्य नशे के खात्मे के लिए अब तस्करों के साथ पूरे नेटवर्क और उसके आर्थिक स्रोतों पर भी प्रहार किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को नशा तस्करी के मुख्य सरगनाओं, उनके सहयोगियों, आपूर्ति नेटवर्क, वित्तीय स्रोतों और अंतरराज्यीय संपर्कों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने के साथ ही सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों और निर्माण को भी हटाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार साल में नशे के कारोबार से अर्जित करीब 92 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त की गई हैं। पहली बार 48 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति सरकार के नाम स्थानांतरित की गई है।
प्रदेश में 7,950 एनडीपीएस मामले दर्ज
एनडीपीएस मामलों के आरोपियों की ओर से सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण से जुड़ी 86 संपत्तियां चिह्नित की गई हैं। इनमें से 22 मामलों में ध्वस्तीकरण और बेदखली की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। शेष मामलों के निपटारे के लिए समर्पित राजस्व अधिकारी नामित किया जा रहा है।
सुक्खू ने बताया कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत 7,950 मामले दर्ज किए गए और 12,302 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 1,384 किलो चरस और 59 किलोग्राम चिट्टा बरामद किया गया। वर्ष 2023 में पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम लागू होने के बाद अब तक 225 कुख्यात तस्करों को निरुद्ध किया गया है। इनमें से 159 के खिलाफ वर्ष 2026 में कार्रवाई की गई। इस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने में हिमाचल प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है।
168 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज, 51 बर्खास्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के कारोबार में सरकारी तंत्र की संलिप्तता पर भी कार्रवाई की जा रही है। नशे से संबंधित गतिविधियों में शामिल 168 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 30 राज्य कर्मचारियों और 21 पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। अन्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी है।
पुनर्वास और जागरूकता पर भी जोर
नशे से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार और पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मशोबरा में महिलाओं के लिए पुलिस की ओर से संचालित नशामुक्ति केंद्र स्थापित किया गया है। टांडा और बिलासपुर के नशामुक्ति केंद्रों को भी पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। परामर्श जाल का विस्तार तथा सरकारी भर्ती में ड्रग टेस्ट सुनिश्चित करने के कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रदेश की 246 अत्यधिक नशा प्रभावित पंचायतों को चिह्नित कर विशेष निगरानी में रखा गया है। पंचायत स्तर पर रेड, येलो और ग्रीन श्रेणियों के तहत करीब 12 हजार लोगों की पहचान की गई है। नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास से जोड़ने के साथ ही तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
जन आंदोलन बनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को नशामुक्त, सुरक्षित एवं समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति, संगठित गिरोह अथवा अवैध नेटवर्क को प्रदेश के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग से एंटी चिट्टा अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और सामूहिक प्रयासों से स्वस्थ एवं नशामुक्त हिमाचल का निर्माण किया जाएगा।
नशे की लत: परिवार और समाज क्या करें
नशा केवल कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और सामाजिक समस्या भी है। बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव, पढ़ाई या काम में गिरावट, चिड़चिड़ापन, पैसों की अधिक मांग, पुराने दोस्तों से दूरी और आंखों या शरीर में असामान्य बदलाव जैसे लक्षण दिखें तो उसे नजरअंदाज न करें। ऐसे मामलों में डांट-फटकार के बजाय संवाद और सहयोग का रास्ता अपनाएं और जल्द से जल्द चिकित्सक या नशामुक्ति केंद्र से परामर्श लें। नशा तस्करी की सूचना पुलिस को देकर भी आम नागरिक इस अभियान में भागीदार बन सकते हैं।



