➤बेमौसमी बारिश से फसलों को भारी नुकसान, सेब की पैदावार पर बड़ा असर
➤ रोहित ठाकुर बोले—केंद्र कर रहा भेदभाव, हिमाचल को मिले आर्थिक मदद
➤ निकाय चुनावों में कांग्रेस की मजबूत स्थिति, जीत का दावा
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बेमौसमी बारिश ने बागवानों और किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खासतौर पर सेब, गेहूं और अन्य फसलों पर मौसम की मार साफ दिखाई दे रही है। शुरुआती आकलन के मुताबिक सेब की फसल को करीब 40 फीसदी तक नुकसान पहुंचा है, जिससे उत्पादन पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।
राज्य के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल पिछले कुछ समय से लगातार आपदाओं का सामना कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र हिमाचल के साथ भेदभाव कर रहा है और आर्थिक सहायता में भी कटौती की गई है।
उन्होंने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद राज्य सरकार बेहतर काम कर रही है और किसानों-बागवानों को राहत देने के प्रयास जारी हैं।
इधर, प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर सियासी माहौल भी गरमाया हुआ है, जिन्हें सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। रोहित ठाकुर ने दावा किया कि इन चुनावों में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है और पार्टी बढ़त हासिल करेगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़े जाएंगे, जबकि अन्य निकायों में नॉन-पार्टी आधार पर चुनाव होंगे। साथ ही उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि जिला परिषद उम्मीदवारों की सूची पहले जारी कर नई परंपरा शुरू की गई है।
शिक्षा क्षेत्र को लेकर उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों को CBSE पैटर्न में लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिन स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बेहद कम है, उन्हें बंद करने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री कार्यालय में विचाराधीन है और अंतिम फैसला वहीं से लिया जाएगा।
10+2 परीक्षा परिणामों पर संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि इस बार सरकारी स्कूलों के छात्रों ने बेहतर प्रदर्शन किया है, जो शिक्षा क्षेत्र में सुधार का संकेत है।
शिमला में हाल ही में लगे धमकी भरे पोस्टरों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं, लेकिन सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।



