Follow Us:

हिमाचल विधानसभा बजट सेशन:कबड्डी में देश को विश्व विजेता बनाने वाली 5 बेटियों को नहीं मिला इनाम-नौकरी, तपा सदन

➤ विश्व विजेता बनी 5 बेटियों को नहीं मिला इनाम और नौकरी
➤ बीजेपी विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने सदन में उठाया सवाल
➤ एंबुलेंस कर्मचारियों के शोषण का मुद्दा भी गूंजेगा


हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में आज खिलाड़ियों और कर्मचारियों से जुड़े अहम मुद्दों पर जोरदार बहस होने की संभावना है। खास तौर पर महिला कबड्डी वर्ल्ड कप 2025 जीतने वाली टीम में शामिल हिमाचल की 5 बेटियों को अब तक इनाम और सरकारी नौकरी न मिलने का मामला सदन में गूंजेगा।

हिमाचल विधानसभा की कार्यवाही का संचालन करते हुए स्पीकर।  -फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

इंद्रदत्त लखनपाल ने इस मुद्दे को लेकर सवाल उठाया है। गौरतलब है कि भारतीय महिला कबड्डी टीम ने महिला कबड्डी विश्व कप 2025 में जीत हासिल कर देश का नाम रोशन किया था, जिसमें हिमाचल की खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा।

राज्य की स्पोर्ट्स पॉलिसी के अनुसार, ऐसे खिलाड़ियों को नगद इनाम और सरकारी नौकरी देने का प्रावधान है, लेकिन अब तक इन खिलाड़ियों को न तो आर्थिक पुरस्कार मिला और न ही नौकरी दी गई।


सीएम के फैसले पर उठे सवाल

हालांकि, सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रोहड़ू की क्रिकेटर रेणुका सिंह को 1 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की थी, लेकिन कबड्डी खिलाड़ियों को अब तक राहत नहीं मिली। इस पर विपक्ष सरकार को घेर सकता है।


एंबुलेंस कर्मचारियों का मुद्दा भी होगा हॉट

सदन में 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारियों का मुद्दा भी उठेगा। डॉ. जनकराज ने इनके नियमितीकरण, वेतन और सर्विस कंडीशन को लेकर सवाल किया है।

बताया जा रहा है कि ये कर्मचारी पिछले 15 सालों से कम मानदेय पर काम कर रहे हैं, जबकि कई को ईपीएफ जैसी सुविधाएं भी नहीं मिल रहीं। ड्यूटी आवर्स तय न होने के कारण कर्मचारी खुद को शोषित महसूस कर रहे हैं और कई बार हड़ताल भी कर चुके हैं।


राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा जारी

प्रश्नकाल के बाद सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा जारी रहेगी। सत्र के अंत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तीन दिन से चल रही बहस का जवाब देंगे।