➤ शीतकालीन सत्र के चौथे दिन भी प्रश्नकाल नहीं हुआ, भ्रष्टाचार पर स्थगन प्रस्ताव की चर्चा रही जारी
➤ मुख्यमंत्री सुक्खू के आग्रह पर विपक्ष ने दी सहमति, सदन में पेश किए गए सभी 13 महत्वपूर्ण विधेयक
➤ जयराम ठाकुर ने ली चुटकी, बोले- मुख्यमंत्री ने प्रार्थना की है तो विपक्ष उनकी प्रार्थना स्वीकार करता है
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन भी सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कार्यवाही को लेकर चर्चा देखने को मिली। गुरुवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सदन में 13 महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने के लिए विपक्ष से सहमति मांगी। मुख्यमंत्री के आग्रह के बाद विपक्ष सहमत हो गया और सदन में सभी 13 विधेयक पेश कर दिए गए।
इससे पहले सदन में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नियम 67 के तहत स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा जारी रही। अन्य विधायी कार्य रोककर इस मुद्दे पर चर्चा करवाई जा रही है। लगातार चौथे दिन भी प्रश्नकाल नहीं हो सका।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने क्यों मांगी विपक्ष से सहमति?
सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई तो मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सदस्यों से आग्रह किया कि 13 विधेयकों को सदन में पेश करने की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि इनमें कुछ बेहद महत्वपूर्ण विधेयक शामिल हैं, जिन्हें सदन के सामने लाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश की संपदा से जुड़े विधेयक और विधवा बहनों के अधिकारों से संबंधित विधेयक का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन विधेयकों को पेश करने के बाद विपक्ष के सदस्यों को भी इन्हें पढ़ने और समझने का पर्याप्त समय मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि संपदा से जुड़े विधेयक पर पहले ही काम रोको प्रस्ताव लाया गया है। ऐसे में विधेयक पेश होने से रणधीर शर्मा सहित अन्य विधायकों को भी इसकी विषयवस्तु समझने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिन प्रश्नकाल शुरू करवाने के लिए सदन की सहमति नहीं बन पाई थी, लेकिन गुरुवार को वह विपक्ष से विधेयक पेश करने के लिए सहमति मांग रहे हैं।
उन्होंने सुझाव दिया कि विधेयकों को पेश करने में करीब आधा घंटा लगेगा। इसके बाद नियम 67 के तहत स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा जारी रखी जा सकती है। यदि ऐसा नहीं किया गया तो सत्र की बैठकें दो दिन और बढ़ानी पड़ सकती हैं।
जयराम ठाकुर बोले- स्थापित व्यवस्था के अनुसार चले सदन
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री के आग्रह पर अपनी बात रखते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही स्थापित व्यवस्था और नियमों के अनुसार ही चलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब सदन में नियम 67 के तहत चर्चा चल रही है तो पहले उसी को जारी रखा जाना चाहिए। गुरुवार को गैर सरकारी सदस्य दिवस भी है और इस दिन कोई अन्य कार्यवाही नहीं होती।
जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा पूरी होने के बाद विधेयक पेश किए जाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक दिन सरकार प्रश्नकाल नहीं करवाने की बात करती है और दूसरे दिन स्थगन प्रस्ताव की चर्चा के बीच विधेयक पेश करने की जरूरत बता रही है।
जयराम ठाकुर ने मुस्कुराते हुए ली चुटकी
विधेयकों को पेश करने के मुद्दे पर संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भी सदस्यों से सहमति देने का आग्रह किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के अनुरोध पर विपक्ष 13 विधेयक पेश करने के लिए सहमत हो गया।
इस दौरान जयराम ठाकुर ने मुस्कुराते हुए चुटकी ली। उन्होंने कहा कि यह तो धक्का ही है। सरकार ने चार साल ऐसे ही निकाल दिए, लेकिन मुख्यमंत्री ने प्रार्थना की है तो विपक्ष उनकी प्रार्थना स्वीकार करता है।
विपक्ष की सहमति मिलने के बाद सदन में सभी 13 विधेयक पेश कर दिए गए। इसके बाद भ्रष्टाचार के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव की चर्चा आगे बढ़ी।



