➤ हिमाचल भाजपा अध्यक्ष पद का चुनाव घोषित
➤ 30 जून नामांकन, 1 जुलाई को घोषणा
➤ 114 सदस्य करेंगे अध्यक्ष का चुनाव
पराक्रम चंद, शिमला
Himachal BJP Election: हिमाचल प्रदेश भाजपा को नया अध्यक्ष मिलने वाला है। भाजपा के चुनाव अधिकारी डॉ राजीव भारद्वाज ने शिमला में एक प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा लोकतांत्रिक परंपरा में विश्वास रखती है और पूरे देश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अंतर्गत राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव करती है। हिमाचल प्रदेश में बूथ, मंडल और जिला स्तर के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। इस प्रक्रिया में प्रदेश के 8000 से अधिक बूथों, 171 मंडलों और 17 जिलों में चुनाव हुए।
प्रदेश में कुल 114 डेलीगेट चुने गए हैं जो अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के 8 सदस्यों के चुनाव में मतदान करेंगे। 30 जून 2025 को भाजपा मुख्यालय दीप कमल चक्कर शिमला में दोपहर 12 से 2 बजे तक नामांकन पत्र लिए जाएंगे। इन नामांकनों की जांच 2 से 3 बजे के बीच होगी। यदि एक से अधिक नामांकन आए तो नाम वापसी का समय 3 से 5 बजे तक रखा गया है।
1 जुलाई को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह शिमला के होटल पीटरहॉफ में सुबह 11 बजे प्रदेश अध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की घोषणा करेंगे। इस दौरान सह चुनाव अध्यक्ष डॉ राजीव सैजल और संजीव कटवाल भी मौजूद रहेंगे।
फिलहाल डॉ राजीव बिंदल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हैं। नए अध्यक्ष को लेकर अब तक भाजपा आलाकमान ने कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया है, पर सूत्रों का कहना है कि डॉ राजीव बिंदल, डॉ राजीव भारद्वाज या डॉ राजीव सैजल में से किसी को अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है। माना जा रहा है कि एक ही नामांकन भरा जाएगा और उसी के नाम की घोषणा अध्यक्ष पद के लिए की जाएगी।
यदि चुनाव की जरूरत पड़ी तो 114 सदस्य मतदाता के रूप में मतदान करेंगे। सूची में वरिष्ठ नेताओं के नाम जैसे जगत प्रकाश नड्डा, जयराम ठाकुर, अनुराग ठाकुर, कंगना रनौत, इंदु गोस्वामी, डॉ सिकंदर कुमार भी शामिल हैं। भाजपा की यह प्रक्रिया यह भी दर्शाती है कि संगठनात्मक चुनाव के लिए पार्टी कितनी गंभीरता से लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करती है।



