➤ अधिकारियों-कर्मचारियों के सेवा विस्तार का मुद्दा प्रश्नकाल में गूंजेगा
➤ पूरे प्रदेश में सेब की खेती बढ़ाने पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा
➤ 21 मार्च को मुख्यमंत्री सुक्खू पेश करेंगे वित्त वर्ष 2026-27 का बजट
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण आज से शुरू हो गया है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ आरंभ होगी।
प्रश्नकाल के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए गए सेवा विस्तार का मुद्दा जोरदार तरीके से उठने की संभावना है। इस विषय पर विपक्ष द्वारा सरकार को घेरने की तैयारी है।
इसके साथ ही विभिन्न मामलों की जांच के लिए गठित कमेटियों की रिपोर्ट और गठन प्रक्रिया को लेकर भी सवाल पूछे जाएंगे। इस मुद्दे पर सदन में तीखी बहस और नोकझोंक देखने को मिल सकती है।
विधानसभा में सेब की खेती के विस्तारीकरण का मुद्दा भी अहम रहेगा। अभी तक सेब उत्पादन मुख्य रूप से शिमला जिले तक सीमित है, लेकिन अब इसे पूरे प्रदेश में बढ़ाने को लेकर सरकार की रणनीति पर चर्चा होगी।
प्रश्नकाल के बाद राज्यपाल से मंजूर चार विधेयक सदन में पेश किए जाएंगे, जिनमें नगर निगम मेयर का कार्यकाल ढाई साल से बढ़ाकर पांच साल करने का प्रस्ताव भी शामिल है।
इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू होगी, जो अगले तीन दिनों तक चलेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 20 मार्च को चर्चा का जवाब देंगे, जबकि 21 मार्च को वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे।
बजट सत्र के इस चरण में कुल 13 बैठकें होंगी। इसमें खाली पदों, सड़क और पुल निर्माण, डीपीआर, शिक्षा व्यवस्था, और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी। 30 मार्च को बजट पारित किया जाएगा, जबकि 31 मार्च को प्राइवेट मेंबर डे रखा गया है।