Follow Us:

दोपहर 12 बजे हिमाचल मंत्रिमंडल की बैठक: क्या होंगे प्रमुख निर्णय?

|

 

Shimla:  राज्य मंत्रिमंडल की बैठक शुक्रवार दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में होगी। इस बैठक में मार्केट सुपरवाइजर भर्ती परीक्षा का रिजल्ट घोषित करने को लेकर भी मामला रखा जा सकता है। गुरुवार को कार्मिक विभाग ने इसकी अनुमति के लिए केस आगे भेजा है।

मार्केट सुपरवाइजर परीक्षा का रिजल्ट हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग ने पेपर लीक का मामला सामने आने से ठीक पहले घोषित किया था। इसमें कुल 12 अभ्यर्थी पास घोषित किए गए थे, जिनमें पेपर लीक की मुख्य आरोपी उमा आजाद का बेटा नितिन आजाद भी शामिल था। इसलिए अब कार्मिक विभाग यह मामला कैबिनेट में भेजना चाह रहा है, ताकि नितिन आजाद को माइनस कर बाकी 11 अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जा सके। यदि शिक्षा विभाग की बात करें, तो एससीईआरटी में कई तरह के सुधारों को लेकर भी मामला कैबिनेट में जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग में डाक्टरों की भर्ती का मामला भी चर्चा में आ सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने स्टॉप गैप अरेंजमेंट के तहत ने आउटसोर्स के आधार पर 150 डाक्टरों की भर्ती का प्रस्ताव आगे किया है। वन मित्र भर्ती को लेकर भी हाई कोर्ट से निर्णय आ गया है। हाई कोर्ट ने इस भर्ती में 10 नंबर के इंटरव्यू की व्यवस्था को रद्द कर दिया है, अब राज्य सरकार ने यह निर्णय लेना है कि बिना इंटरव्यू भर्ती करनी है या नहीं, कैबिनेट की बैठक से ठीक पहले मुख्य सचिव हिमाचल से बाहर थे। हालांकि गुरुवार को वह पूरा दिन ऑफिस में थे। इसीलिए एजेंडे को लेकर भी आखिरी दिन ही तैयारी हुई है।