Follow Us:

कड़ाके की सर्दी के लिए रहें तैयार! बढ़ी ठंड: तीन शहर माइनस में, आठ का पारा 5 डिग्री से नीचे

➤ प्रदेश के तीन शहरों का तापमान माइनस में, आठ शहर 5 डिग्री से नीचे पहुंचे
➤ मंडी-बिलासपुर में कोहरे का यलो अलर्ट, विजिबिलिटी घटकर 100 मीटर तक
➤ अगले छह दिन मौसम साफ, दिन में धूप लेकिन रातें रहेंगी सर्द

हिमाचल प्रदेश में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश के तीन शहरों का तापमान माइनस में, आठ शहरों का 5 डिग्री से नीचे और 21 शहरों का 10 डिग्री से नीचे लुढ़क चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान -0.8 डिग्री तक पहुंच गया है।

ऊंचाई वाले और मैदानी दोनों ही इलाकों में ठंड का असर तेज हो गया है। कांगड़ा और सोलन की रातें अब शिमला से भी ज्यादा ठंडी हो गई हैं। जहां शिमला का रात का तापमान 8.8 डिग्री, वहीं कांगड़ा और सोलन का 7 डिग्री, और मंडी का 7.6 डिग्री तक गिर चुका है।

लाहौल स्पीति के केलांग का न्यूनतम तापमान -2.5 डिग्री, कुकुमसैरी -2.4 डिग्री, ताबो -2.3 डिग्री, कल्पा 0.8, मनाली 3.1, नारकंडा 4.6, रिकांगपियो 4.4, और सियोबाग 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग ने मंडी जिले की बल्ह घाटी और बिलासपुर में भाखड़ा बांध क्षेत्र के आसपास कोहरा छाने का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दृश्यता 100 मीटर तक घटने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बताया कि अगले छह दिन प्रदेश में धूप खिली रहेगी। बारिश या बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं। दिन का तापमान सामान्य से अधिक, जबकि रात का सामान्य से कम रहेगा। मैदानी इलाकों में कोहरा पड़ने से ठंड में और वृद्धि होगी।

पोस्ट मानसून सीजन (1 अक्टूबर से 9 नवंबर) के दौरान सामान्य से 126 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। सामान्यतः इस अवधि में 30.9 मिमी वर्षा होती है, जबकि इस बार 69.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। बिलासपुर जिला में तो यह आंकड़ा 487 प्रतिशत अधिक तक पहुंच गया है। अन्य जिलों में भी औसत से अधिक वर्षा दर्ज की गई है।