Follow Us:

हिमाचल कांग्रेस की पहली आम सभा में संगठन से लेकर मंत्रिमंडल विस्तार तक मंथन, किन्नौर विवाद पर रजनी पाटिल का बड़ा बयान

नई कार्यकारिणी की पहली बैठक में संगठन मजबूत करने पर मंथन
रजनी पाटिल बोलीं- किन्नौर विवाद पर नेगी से खुद करूंगी बात, संगठन का फैसला सर्वोपरि
जल्द होगा मंत्रिमंडल विस्तार, 16-17 जुलाई की बैठक में होगी रणनीतिक चर्चा


शिमला। हिमाचल कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन के बाद शनिवार को शिमला स्थित राजीव भवन में पार्टी की पहली आम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक पार्टी के विस्तार और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर उठे विवाद, राम मंदिर चंदा मामले, मंत्रिमंडल विस्तार और एथनॉल मिश्रण जैसे अहम मुद्दों पर भी पार्टी का पक्ष रखा।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर रहेगा फोकस

मीडिया से बातचीत में रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस संगठन को प्रदेशभर में बूथ स्तर तक मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद यह पहली बैठक है, इसलिए इसमें संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और भविष्य की राजनीतिक रणनीति तय करने पर विशेष रूप से मंथन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही आगामी चुनावी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकता है।

किन्नौर विवाद पर बोलीं- नेगी से खुद करूंगी बात

किन्नौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर निगम भंडारी की नियुक्ति को लेकर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की नाराजगी के सवाल पर रजनी पाटिल ने कहा कि वह स्वयं इस मामले में नेगी से बातचीत करेंगी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर यदि कोई गलतफहमी है तो उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन द्वारा लिया गया निर्णय अंतिम होता है और सभी नेताओं को संगठनात्मक फैसलों का सम्मान करना चाहिए।

राम मंदिर चंदा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई

रजनी पाटिल ने राम मंदिर चंदा मामले पर कांग्रेस का रुख दोहराते हुए कहा कि पार्टी शुरू से ही निष्पक्ष और गहन जांच की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर के नाम पर जनता से वोट मांगे थे, इसलिए अब इस मामले में सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने आ सके।

जल्द होगा मंत्रिमंडल विस्तार, धर्मशाला में होगी अहम बैठक

प्रदेश में लंबे समय से चर्चा में चल रहे मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी रजनी पाटिल ने बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा। इसके लिए 16 और 17 जुलाई को धर्मशाला में महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में कांग्रेस संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल भी शामिल होंगे। बैठक के दौरान मंत्रिमंडल विस्तार सहित संगठन और सरकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

एथनॉल मिश्रण पर भी जताई चिंता

रजनी पाटिल ने पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण के मुद्दे पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार को इस विषय पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। इसके प्रभावों का वैज्ञानिक अध्ययन कर आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।