➤ राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर कांग्रेस का प्रदेशभर में प्रदर्शन
➤ जिला मुख्यालयों से मंदिरों तक रैली, भजन-कीर्तन कर जताया विरोध
➤ कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और श्वेत पत्र जारी करने की मांग उठाई
शिमला: राम मंदिर चढ़ावा से जुड़े कथित मामले को लेकर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालयों से रैली निकालकर विभिन्न मंदिरों तक मार्च किया और वहां भजन-कीर्तन व हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
शिमला में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से लोअर बाजार होते हुए राम मंदिर तक आक्रोश रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं ठियोग विधायक कुलदीप राठौर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस मामले में दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज से कराने की मांग की। साथ ही दोषियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की।
धर्मशाला में भी कांग्रेस कार्यकर्ता पोस्ट ऑफिस चौक से हनुमान मंदिर तक रैली निकालकर पहुंचे। यहां सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है और दान राशि के उपयोग में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए प्राप्त दान राशि और उसके उपयोग का श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए।
शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि कांग्रेस ने मंदिर में भजन-कीर्तन कर भाजपा को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी दिनों में भी इस मुद्दे को जनता के बीच उठाएगी।



