Follow Us:

10 शहरों में पारा 5°C से नीचे, कई जगह शिमला से ज्यादा सर्दी

घने कोहरे से हिमाचल के मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ी, विजिबिलिटी 50 मीटर से कम
10 शहरों में न्यूनतम तापमान 5°C से नीचे, कई जगह शिमला से भी ज्यादा ठंड
10–11 फरवरी को प्रदेशभर में अच्छी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार



हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में गुरुवार सुबह घने कोहरे ने जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी। खासकर बिलासपुर, भाखड़ा बांध क्षेत्र और मंडी की बल्ह घाटी में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी नीचे दर्ज की गई, जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह और देर शाम के समय सड़कों पर धुंध की मोटी परत छाई रही।

कोहरे के कारण मैदानी क्षेत्रों में सुबह, शाम और रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालात यह हैं कि प्रदेश के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। इसके चलते मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, बिलासपुर और सोलन की रातें राजधानी शिमला से भी अधिक ठंडी दर्ज की गईं।

बीती रात शिमला का न्यूनतम तापमान 7.1°C रहा, जबकि सुंदरनगर 3.5°C, भुंतर 2.1°C, धर्मशाला 5.2°C, ऊना 5.5°C, सोलन 3.0°C और बरठी 4.1°C तक लुढ़क गया। ठंड से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव का सहारा लेते दिखे।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सर्दी का प्रकोप और अधिक है। कुकुमसेरी का तापमान माइनस 14.1°C, ताबो माइनस 11.4°C और मनाली 0.1°C रिकॉर्ड किया गया। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन बीते चार दिनों से लगातार पड़ रहे कोहरे ने न्यूनतम तापमान को सामान्य से नीचे बनाए रखा है।

मौसम विभाग के अनुसार 8 फरवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है। 9 फरवरी को एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जिससे चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 10 और 11 फरवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम के इस बदलाव से कोहरे से राहत मिल सकती है, लेकिन ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है।