Follow Us:

धर्मशाला: नगर निगम ने की 50 हजार की ठगी, अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज

मृत्युंजय पुरी |

नगर निगम धर्मशाला में 50 हजार की ठगी का मामला सामने आया है। यहां मैक्लोडगंज में एनजीओ का कार्यक्रम स्थापित करने के नाम पर नगर निगम ने पैसे लिए और जब एनजीओ का कार्यक्रम शुरू हुआ तो निगम के अधिकारियों ने उसे रुकवा दिया। इसके लिए बकायदा एनजीओ को एक रसीद भी दी गई थी, लेकिन जब बंद करवाने आए निगम अधिकारियों ने जांच की तो उसपर किसी अधिकारी के साइन नहीं मिले।

मामले में शहरी विकास विभाग के इंटरफेयरेंस होते देख बाद में निगम ने कार्रवाई करते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया है। कहा तो ये भी जा रहा है कि पहले नगर निगम अपने कर्मचारियों पर कार्रवाई करने में संकोच कर रहा था। ऐसे में शहरी विकास विभाग निदेशालय शिमला से जांच के आदेश होने के बाद नगर निगम के सह-आयुक्त ने धर्मशाला थाना में 420 का मामला दर्ज करवा दिया है। अब 50 हजार की उगाही के मामले में धर्मशाला पुलिस ही आरोपी की तलाश करेगी।

यहां तक कि उक्त मामला जब नगर निगम आयुक्त के पास पहुंचा तो उन्होंने इस बारे में 40 पन्नों की बिल बुक गायब होने का हवाला दिया था। इस बारे में जब नगर निगम के सह-आयुक्त सुखदेव सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया गया है। पुलिस अपने स्तर पर कार्रवाई अमल में लाएगी और जो लोग इस मामले में संलिप्त पाए जाएंगे उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।