Follow Us:

भारतीय मजदूर संघ शिमला ने कर्मचारियों की मांगों को लेकर किया जोरदार प्रदर्शन


भारतीय मजदूर संघ शिमला ने कर्मचारियों की मांगों को लेकर किया जोरदार प्रदर्शन
सी.टी.ओ. चौक से शेरे पंजाब तक रैली, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
वेतनमान, पुरानी पेंशन, पदोन्नति और निजीकरण विरोध रही मुख्य मांगें



भारतीय मजदूर संघ जिला शिमला ने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को सी.टी.ओ. चौक पर धरना प्रदर्शन किया और वहां से शेरे पंजाब तक रैली निकालकर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नाम उपायुक्त शिमला के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

इस कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री यशपाल हेटा, उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, अखिल भारतीय कार्य समिति सदस्य सुशमा शर्मा, नगर निगम कर्मचारियों के अध्यक्ष रमेश ठाकुर, पर्यटन निगम के महामंत्री राजकुमार, परिवहन विभाग के हरिश पराशर सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

कर्मचारियों की मुख्य मांगों में शामिल रहा कि प्रदेश के सभी कर्मचारियों को सातवें वेतनमान की बकाया राशि और महंगाई भत्ते की किस्तें तुरंत जारी की जाएं, साथ ही वेतन विसंगतियां दूर की जाएं
संगठन ने सभी निगमों व बोर्डों के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने की मांग की।

इसके अलावा जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग में लंबित विभागीय पदोन्नति समितियों की बैठकें तुरंत आयोजित करने, नगर निगम शिमला के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ देने, तथा पर्यटन निगम के होटलों के निजीकरण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई गई।

कर्मचारियों ने रिटायर कर्मचारियों को समय पर पेंशन और मेडिकल बिलों का भुगतान, जल शक्ति विभाग के ठेका कर्मचारियों को एसजेपीएनएल कंपनी के अंतर्गत लाने, और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों को विशेष श्रेणी में शामिल करने की मांग भी रखी।

इसके साथ ही संगठन ने आउटसोर्स कर्मचारियों को ठेकेदारी प्रणाली से मुक्त कर सरकारी कर्मचारी घोषित करने और न्यूनतम वेतन 18,000 रुपये निर्धारित करने, जल रक्षकों को नियमित करने, तथा पंचायत में टेलरिंग टीचरों और पंचायत चौकीदारों को नियमित करने की मांग भी की।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मिड-डे मील वर्करों और आशा वर्करों की सेवानिवृत्ति आयु, मानदेय और ग्रेच्युटी बढ़ाने की भी मांग रखी गई।
संगठन ने स्पष्ट किया कि अगर सरकार ने शीघ्र कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।