Follow Us:

दिन में गर्मी, रात में ठिठुरन… क्या होगा आगे

हिमाचल में पांच दिन धूप खिलेगी
न्यूनतम तापमान में गिरावट, अधिकतम में बढ़ोतरी
पर्यटन स्थलों पर बढ़ी रौनक


प्रदेश में मौसम अब करवट बदल रहा है। हिमाचल प्रदेश में अगले पांच दिन तक मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। धूप खिलने से पहाड़ी इलाकों में जहां सुहाना मौसम बना रहेगा, वहीं मैदानी क्षेत्रों में हल्की गरमाहट महसूस होने लगी है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार बीते 24 घंटों में औसत न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री तक गिरा है। ताबो का न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है। दूसरी तरफ अधिकतम तापमान अभी भी नॉर्मल से अधिक चल रहा है।

ऊना में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस तथा हमीरपुर में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा है। वहीं मंडी और सोलन में अधिकतम तापमान सामान्य से कम पाया गया है।

धूप खिलते ही शिमला, मनाली, कुफरी और नारकंडा जैसे पर्यटन स्थलों पर देशभर से टूरिस्ट पहुंच रहे हैं। शिमला के रिज मैदान पर सॉफ्टी का आनंद लेते सैलानी मौसम का लुत्फ उठाते दिखाई दिए।

उधर, रोहतांग पास, कोकसर और शिंकुला सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ देखने वालों की भीड़ बढ़ रही है। धूप निकलने से पर्यटकों को कड़कड़ाती ठंड से कुछ राहत मिलेगी।

हालांकि, बीते 24 घंटे में कुछ क्षेत्रों में बारिश भी दर्ज की गई है। पंडोह (24.5 मिमी) सबसे आगे रहा। इसके अलावा मंडी, सराहन, जोगिंद्रनगर, नारकंडा, भुंतर और रामपुर में भी बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि लोग सुबह-शाम की ठंड से बचाव के लिए अब भी पूरी सावधानी बरतें।