Follow Us:

दो दिन धूप, फिर बदलेगा मौसम का रुख, जानें क्‍या है IMD का अलर्ट

➤ मैदानी जिलों में घना कोहरा, बिलासपुर में विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिरी
➤ मंडी, सोलन, कुल्लू की रातें शिमला से भी ठंडी दर्ज
➤ 13 व 16 फरवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार


हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में बुधवार सुबह घना कोहरा छा गया, जिससे बिलासपुर में दृश्यता घटकर 50 मीटर और मंडी में 100 मीटर से भी नीचे दर्ज की गई। कोहरे के कारण निचले क्षेत्रों के रात के तापमान में गिरावट आई और मंडी, सोलन, कुल्लू जैसे क्षेत्रों की रातें शिमला से भी अधिक ठंडी हो गईं।

मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार के लिए भी मैदानी इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार बुधवार और गुरुवार को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 13 और 16 फरवरी को ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना है, जबकि 14 व 15 फरवरी को धूप खिलने के आसार हैं।

बीते 24 घंटों के दौरान भी कई क्षेत्रों में बादल जरूर छाए, लेकिन बारिश-बर्फबारी नहीं हुई। मौसम प्रणाली कमजोर पड़ने से पश्चिमी विक्षोभ बिना बरसे ही गुजर गया।

इस विंटर सीजन में अब तक सामान्य से 11% कम बारिश दर्ज की गई है। 1 जनवरी से 10 फरवरी के बीच जहां सामान्य वर्षा 114.3 मिमी होती है, वहीं इस बार केवल 101.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। वहीं ताबो में न्यूनतम तापमान -8.5 डिग्री दर्ज किया गया।

फरवरी माह में अब तक सामान्य से 51% कम बारिश हुई है। इससे पहले नवंबर में 96% कम, दिसंबर में 99% कम वर्षा हुई थी। जनवरी भी 22 तारीख तक सूखा रहा, हालांकि 23 और 28 जनवरी को अच्छी बारिश-बर्फबारी हुई थी।