➤ प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 31 दिसंबर तक ही हो सकेंगे वार्षिक समारोह
➤ 30 नवंबर तक समारोह न करने वाले स्कूलों से मांगी जाएगी विस्तृत रिपोर्ट
➤ निर्देशों की अवहेलना पर स्कूल प्रमुखों पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में चालू शैक्षणिक सत्र के लिए वार्षिक समारोह आयोजित करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित कर दी गई है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद किसी भी स्थिति में समय-सीमा में विस्तार नहीं किया जाएगा।
शिक्षा निदेशक की ओर से प्रदेश के सभी उपनिदेशकों को जारी आदेशों में कहा गया है कि सरकार पहले ही 30 नवंबर 2025 को वार्षिक समारोह की कटऑफ तिथि तय कर चुकी थी। इसके बावजूद जिन शिक्षण संस्थानों में तय समय तक वार्षिक समारोह आयोजित नहीं हो सके हैं, उनसे अब स्कूलवार विस्तृत रिपोर्ट मांगी जाएगी।
आदेशों के अनुसार जिन स्कूलों में 30 नवंबर तक वार्षिक समारोह आयोजित नहीं हो सका, उन्हें मजबूर हालात और ठोस कारणों का स्पष्ट उल्लेख करते हुए रिपोर्ट तैयार करनी होगी। यह रिपोर्ट संबंधित उपनिदेशकों के माध्यम से 15 जनवरी 2026 तक शिक्षा निदेशालय को भेजना अनिवार्य किया गया है।
शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि 31 दिसंबर 2025 के बाद किसी भी स्कूल को वार्षिक समारोह आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। निर्देशों की अवहेलना करने वाले स्कूल प्रमुखों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



