➤ 6 मार्च तक पूरी तरह साफ रहेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी के आसार नहीं
➤ मार्च के आखिरी दिनों में हीट वेव चलने की 20% अधिक संभावना
➤ फरवरी में 85% कम बारिश, तापमान सामान्य से 9 डिग्री तक ज्यादा
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है और अब गर्मी ने समय से पहले दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार 6 मार्च तक प्रदेशभर में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और इस दौरान कहीं भी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। साफ आसमान और तेज धूप के चलते तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक किन्नौर, शिमला और सिरमौर को छोड़कर अन्य अधिकांश जिलों में पूरे मार्च महीने सामान्य से कम वर्षा होने के आसार हैं। मार्च से मई के बीच निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हीट वेव चलने की संभावना 20 प्रतिशत अधिक जताई गई है। हैरानी की बात यह है कि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भी हल्की लू का असर महसूस किया जा सकता है। खासकर मार्च के आखिरी 10 दिनों में गर्मी अपने तेवर दिखा सकती है।
सोलन जिले को छोड़कर प्रदेश के अन्य हिस्सों में औसत न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। फिलहाल प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक और औसत अधिकतम तापमान 4.8 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है। कुछ शहरों में तापमान सामान्य से 9 डिग्री तक ऊपर पहुंच गया है, जो मार्च की शुरुआत में ही चिंता बढ़ाने वाला संकेत है।
किन्नौर के कल्पा में अधिकतम तापमान सामान्य से 8.9 डिग्री ज्यादा बढ़कर 16.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भुंतर में 6.6 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ पारा 25.9 डिग्री दर्ज हुआ। शिमला में तापमान 5.2 डिग्री अधिक होकर 18.5 डिग्री, कांगड़ा में 7.5 डिग्री की उछाल के साथ 27.8 डिग्री और मनाली में 6 डिग्री अधिक बढ़कर 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गर्मी के इस बढ़ते असर के बीच फरवरी माह में भी बारिश ने निराश किया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 से 28 फरवरी के बीच प्रदेश में सामान्य तौर पर 101.8 मिलीमीटर वर्षा होती है, लेकिन इस बार केवल 15.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यानी फरवरी में सामान्य से 85 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। यह स्थिति जलस्रोतों और खेती-बागवानी के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मार्च में भी वर्षा सामान्य से कम रही, तो आने वाले महीनों में पानी की किल्लत और फसलों पर असर देखने को मिल सकता है। फिलहाल प्रदेशवासियों को गर्मी और संभावित लू के लिए तैयार रहने की जरूरत है।



