Follow Us:

हिमाचल में 19 से 22 जुलाई तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल में 19 से 22 जुलाई तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

18 जुलाई से सक्रिय होगा नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस, मानसून फिर पकड़ेगा रफ्तार

टूरिस्ट और स्थानीय लोगों को नदी-नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह


शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मिली मौसम की राहत अब खत्म होने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 18 जुलाई से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल जाएगा और 19 से 22 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक 17 जुलाई को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। इसके बाद 18 जुलाई से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिससे कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश शुरू होगी। 19 जुलाई से यह सिस्टम और मजबूत होगा तथा अगले चार दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

 टूरिस्ट और स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी

मौसम विभाग ने 19 से 22 जुलाई के दौरान पर्यटकों और स्थानीय लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। लोगों से नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और ऊंचाई वाले इलाकों की अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि मैदानी क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड जैसी स्थिति भी बन सकती है।

तापमान में आएगी गिरावट

प्रदेश में पिछले चार-पांच दिनों से मौसम साफ रहने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। ऊना का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि प्रदेश के 12 शहरों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। 18 जुलाई के बाद बारिश बढ़ने के साथ तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।

 फिर सक्रिय होगा मानसून

पिछले एक सप्ताह से कमजोर पड़ा मानसून अब दोबारा सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 से 22 जुलाई के बीच होने वाली बारिश से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी। ऐसे में प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।