Published By: Akhilesh Mahajan। SamacharFirstDesk | July 21, 2026 11:39 am
➤ हिमाचल के कई जिलों में मूसलाधार बारिश, चंबा और ठियोग के सभी शिक्षण संस्थानों में आज छुट्टी घोषित➤ IMD ने 9 जिलों के लिए फ्लैश फ्लड और 5 जिलों में अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया➤ भूस्खलन, सड़कें बंद और तापमान में गिरावट के बीच लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह
हिमाचल प्रदेश में सोमवार रात से मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश हो रही है। सबसे अधिक प्रभावित चंबा और ठियोग में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी शिक्षण संस्थानों में मंगलवार को अवकाश घोषित कर दिया है। वहीं मंडी, कांगड़ा और सिरमौर के कई शिक्षण संस्थान पहले से बंद हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने बुधवार सुबह 8 बजे तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं IMD दिल्ली ने मंगलवार सुबह 5:30 बजे तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, शिमला, सोलन, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश के कारण भूस्खलन, जलभराव, नदियों और नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी तथा सड़क अवरोध जैसी स्थितियां बन सकती हैं। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।
बीती रात पालमपुर में सबसे अधिक 136.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ददाहू में 105.6 मिमी, पांवटा साहिब में 79.8 मिमी और धर्मशाला में 75.4 मिमी बारिश दर्ज हुई।
लगातार बारिश के कारण चंबा की लाहडू-नूरपुर सड़क तथा मंडी की कोटली-धर्मपुर सड़क पर भूस्खलन हुआ, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और दोनों ओर वाहन फंस गए।
22 जुलाई को ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 23 और 24 जुलाई को भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 25 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।
लगातार वर्षा के कारण प्रदेश के कई शहरों के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 20 जुलाई तक प्रदेश में सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस अवधि में सामान्य 256.8 मिमी के मुकाबले केवल 210 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।