➤ 5 राज्यों के चुनाव के लिए हिमाचल के 12 IAS ऑब्जर्वर नियुक्त
➤ कार्मिक विभाग ने 9 अधिकारियों को सौंपा अतिरिक्त कार्यभार
➤ डीसी नेगी बने परिवहन निदेशक, कई विभागों में बड़ा फेरबदल
शिमला: देश के पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों को लेकर हिमाचल प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव किया गया है। केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा चुनावी ड्यूटी तय किए जाने के बाद प्रदेश के 12 IAS अधिकारियों को इलेक्शन ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। इसके चलते राज्य सरकार के कार्मिक विभाग ने इन अधिकारियों के अधीन आने वाले विभागों का कार्यभार अन्य अधिकारियों को सौंपते हुए प्रशासनिक फेरबदल किया है।
इलेक्शन ड्यूटी पर भेजे गए अधिकारियों में प्रियंका बासू इंगिटी, रितेश चौहान, राकेश कुमार प्रजापति, हरिकेश मीना, राघव शर्मा, आदित्य नेगी, कमल कांत सारोच, नीरज कुमार, डॉ. निपुन जिंदल, रोहित जमवाल, डॉ. अश्वनी कुमार शर्मा और राम कुमार गौतम शामिल हैं। ये सभी अधिकारी विभिन्न विभागों में अहम जिम्मेदारियां संभाल रहे थे, जिनकी अनुपस्थिति में अब वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
सरकार ने इस स्थिति को देखते हुए 9 अन्य IAS अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। आदेशों के अनुसार ए. शैनामोल को श्रम एवं रोजगार और मत्स्य विभाग, आशीष सिंहमार को पशुपालन विभाग, डीसी नेगी को परिवहन विभाग का निदेशक, आबिद हुसैन सादिक को ऊर्जा विभाग, जबकि तोरुल एस रविश को डिजिटल टेक्नोलॉजी और एचआरटीसी का अतिरिक्त जिम्मा दिया गया है।
इसके अलावा विजय कुमार को युवा सेवाएं विभाग, शिवम प्रताप सिंह को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, सुनील शर्मा को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और दिव्यांशु सिंगला को हिमऊर्जा और खाद्य आपूर्ति विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की घोषणा की है। ऐसे में हिमाचल के ये अधिकारी इन राज्यों में चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
इस फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि चुनावी ड्यूटी के दौरान भी प्रदेश में सरकारी कामकाज सुचारू रूप से चलता रहे और किसी भी विभाग में कार्य प्रभावित न हो।



