Follow Us:

हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 18 IAS और 16 HPAS अधिकारियों के तबादले, कई विभागों में नई जिम्मेदारियां

हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 18 IAS और 16 HPAS अधिकारियों के तबादले
कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां, कई को मिला अतिरिक्त प्रभार
सरकार ने प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए तत्काल प्रभाव से लागू किए आदेश


हिमाचल प्रदेश सरकार ने सोमवार को राज्य प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए 18 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और 16 हिमाचल प्रशासनिक सेवा (HPAS) अधिकारियों के तबादले एवं नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त विभागों का प्रभार भी दिया गया है। सरकार का कहना है कि यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है तथा सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

IAS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां

जारी आदेशों के अनुसार डॉ. अभिषेक जैन को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ फाइनेंशियल कमिश्नर (अपील) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सुदेश कुमार मोख्टा को सचिव (सहकारिता) नियुक्त किया गया है। अमरजीत सिंह अब सचिव, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग एवं हाउसिंग का कार्यभार संभालेंगे और उनके पास गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

इसी प्रकार तोरुल एस. रवीश को निदेशक भू-अभिलेख, अभिषेक वर्मा को निदेशक एचपी मिल्कफेड, अजय कुमार यादव को प्रबंध निदेशक, हिमाचल प्रदेश मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन, राहुल जैन को एचपी अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम तथा महिला विकास निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा दिव्यांशु सिंगल को एडीसी-सह-परियोजना निदेशक (डीआरडीए), सोलन, ओमकांत ठाकुर को हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम का प्रबंध निदेशक तथा गुरसिमर सिंह को जनरल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

जिला स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव

जिला प्रशासन में भी कई अहम नियुक्तियां की गई हैं। ईशांत जसवाल को एडीसी (डीआरडीए), ऊना, रुपिंदर कौर को एडीसी (डीआरडीए), बिलासपुर, डॉ. राजदीप सिंह को नगर निगम सोलन का आयुक्त, प्रियंशु खटी को एडीसी (डीआरडीए), मंडी, डॉ. अंजलि गर्ग को एसडीएम कांगड़ा तथा चंद्र प्रकाश को एसडीएम मंडी नियुक्त किया गया है।

16 HPAS अधिकारियों के भी तबादले

सरकार ने 16 HPAS अधिकारियों के तबादला एवं नियुक्ति आदेश भी जारी किए हैं। अश्वनी कुमार को आईटीडीपी केलांग में परियोजना अधिकारी, एकता काप्ता को अतिरिक्त निदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान, संजीव कुमार-I को सहायक बंदोबस्त अधिकारी अर्की, शिल्पी बैक्टा को अतिरिक्त सचिव (लोक निर्माण) नियुक्त किया गया है। उन्हें राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

इसके अलावा सुरजीत सिंह, हितेश आजाद, सिद्धार्थ आचार्य, सन्नी शर्मा, नरेश कुमार वर्मा और चेत सिंह समेत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

एसडीएम स्तर पर भी बदलाव

एसडीएम स्तर पर भी कई स्थानांतरण किए गए हैं। गौरव चौधरी को कांगड़ा, विश्रुत भारती को कफोटा (सिरमौर), रमन कुमार शर्मा को फतेहपुर, अभिषेक बरवाल को घुमारवीं, पूजा अधिकारी को नगरोटा बगवां तथा अमन कुमार को एचपीएमसी का महाप्रबंधक नियुक्त किया गया है।

सरकार का मानना है कि इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल से विभिन्न विभागों में कार्यों की गति तेज होगी और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय स्थापित होगा।