➤ प्रदेश के सभी आईटीआई में अब निशुल्क आवेदन की सुविधा शुरू
➤ 13 जुलाई से ऑनलाइन पोर्टल खुला, 31 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
➤ साइबर कैफे जाने की जरूरत नहीं, संस्थानों में मिलेगा निशुल्क मार्गदर्शन
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश के सभी आईटीआई में निशुल्क आवेदन की सुविधा शुरू कर दी है। अब अभ्यर्थी सीधे संबंधित आईटीआई संस्थान में जाकर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के आवेदन कर सकेंगे।
तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने आईटीआई प्रवेश के लिए 13 जुलाई से ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया है। अभ्यर्थी 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया अगस्त में आयोजित की जाएगी।
तकनीकी शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला के सचिव अशोक पाठक ने बताया कि प्रदेश के सभी आईटीआई में आवेदन की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। आवेदन प्रक्रिया के लिए अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार उपयुक्त ट्रेड चयन में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस नई व्यवस्था के बाद विद्यार्थियों को आवेदन के लिए साइबर कैफे जाने की आवश्यकता नहीं होगी। संस्थानों में ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी, जिससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।



