Follow Us:

हिमाचल में चार नगर निगम, 251 जिला परिषद और 1684 बीडीसी सीटों की मतगणना शुरू

 

  • मतगणना कर्मियों को निष्पक्षता और ईमानदारी की शपथ दिलाई गई
  • चारों नगर निगमों के नतीजे दोपहर 12 बजे तक आने की संभावना

हिमाचल प्रदेश में नगर निगम, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य चुनावों की मतगणना रविवार सुबह 9 बजे से शुरू हो गई। प्रदेश के चार नगर निगम, 251 जिला परिषद वार्डों और 1684 पंचायत समिति सदस्य सीटों के लिए वोटों की गिनती कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच करवाई जा रही है। मतगणना शुरू होने से पहले सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य करने की शपथ दिलाई गई।

प्रदेश के सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला नगर निगम के चुनाव परिणाम सबसे पहले आने की संभावना है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार नगर निगमों के अधिकांश परिणाम दोपहर 12 बजे तक स्पष्ट हो सकते हैं। वहीं जिला परिषद और बीडीसी सीटों की मतगणना देर रात तक चल सकती है और कई स्थानों पर अंतिम परिणाम सोमवार तक आने की संभावना है।

जिला परिषद और बीडीसी चुनावों की मतगणना संबंधित विकास खंड कार्यालयों में की जा रही है। जिला परिषद सदस्यों के परिणामों की आधिकारिक घोषणा उपायुक्तों द्वारा की जाएगी, जबकि बीडीसी सदस्यों के नतीजों की घोषणा संबंधित उपमंडल अधिकारियों द्वारा की जाएगी।

मतगणना के लिए प्रदेश के 91 विकास खंडों में विशेष व्यवस्था की गई है। जिला परिषद वार्डों में मतों की संख्या को देखते हुए 15 से 20 टेबल तक लगाई गई हैं। एक वार्ड की मतगणना के लिए लगभग 35 अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। जहां मतों की संख्या अधिक होगी, वहां अतिरिक्त टेबल और स्टाफ की व्यवस्था भी की जाएगी।

मतगणना प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रखी गई है। मतगणना केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। साथ ही शराब के ठेके बंद रखने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

प्रदेश की राजनीति की नजरें विशेष रूप से चार नगर निगम चुनावों पर टिकी हुई हैं। राजनीतिक विश्लेषक इन चुनावों को वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले का सेमीफाइनल मान रहे हैं। नगर निगम चुनाव पार्टी चिन्ह पर लड़े जाते हैं, इसलिए इनके परिणाम सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

इसी बीच धर्मशाला नगर निगम के वार्ड नंबर-1 से पहला परिणाम सामने आया है। यहां भाजपा उम्मीदवार रेखा देवी ने जीत दर्ज की है। उन्हें 263 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार हिमांशी को 216 मत प्राप्त हुए।

मतगणना केंद्रों से लगातार परिणाम सामने आने शुरू हो गए हैं और पूरे प्रदेश की नजरें आज आने वाले चुनावी नतीजों पर टिकी हुई हैं।