Follow Us:

आज इन जिलों में बारिश के आसार, जानें मौसम का हाल

हिमाचल में मानसून सीजन में 1023 मिलीमीटर बारिश, 30 साल का रिकॉर्ड टूटने की कगार
मंडी, कांगड़ा और सिरमौर में सबसे ज्यादा बरसात से भारी नुकसान, 4861 करोड़ की संपत्ति नष्ट
451 लोगों की मौत, 82 की जान लैंडस्लाइड, बाढ़ और बादल फटने से गई


बुधवार को मंडी, शिमला, कांगड़ा और सिरमौर में हल्की बारिश की संभावना है, मगर इसके बाद पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश इस साल के मानसून सीजन में रिकॉर्डतोड़ बारिश का गवाह बना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार 1 जून से 23 सितंबर तक 1023.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 43 प्रतिशत अधिक है। यह पिछले 30 वर्षों में सबसे ज्यादा बारिश है। इससे पहले 1995 में 1029 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। अबकी बार आंकड़े उस स्तर को भी पार करने की संभावना जता रहे हैं।

प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश मंडी में हुई, जहां 1910.5 मिलीमीटर पानी बरसा। इसके बाद कांगड़ा में 1900.2 मिलीमीटर और सिरमौर में 1613 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं शिमला और कुल्लू में सामान्य से दोगुनी बारिश हुई है।

इस भीषण बरसात का असर जनजीवन और विकास कार्यों पर भी गहरा पड़ा। सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, इस मानसून सीजन में 4861 करोड़ रुपए की सरकारी और निजी संपत्ति का नुकसान हुआ। सिर्फ इतना ही नहीं, अब तक 451 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से 82 लोगों की जान लैंडस्लाइड, बाढ़ और बादल फटने जैसी प्राकृतिक आपदाओं से गई। वहीं 47 लोग अब भी लापता हैं।

फिलहाल, मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले एक-दो दिन में हिमाचल से मानसून की विदाई हो सकती है। मंगलवार और बुधवार को मंडी, शिमला, कांगड़ा और सिरमौर में हल्की बारिश की संभावना है, मगर इसके बाद पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।