Follow Us:

हिमाचल के 51 नगर निकायों में कल मतदान, पोलिंग पार्टियां रवाना, 1147 प्रत्याशी मैदान में

हिमाचल के 51 शहरी निकायों में कल होगा मतदान
करीब 550 पोलिंग पार्टियां ईवीएम के साथ बूथों के लिए रवाना
3.60 लाख मतदाता तय करेंगे 1147 उम्मीदवारों की किस्मत


हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। शुक्रवार शाम को चुनाव प्रचार थमने के बाद अब पूरा फोकस मतदान प्रक्रिया पर है। प्रदेश के चार नगर निगमों समेत कुल 51 शहरी निकायों में रविवार 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। मतदाता ईवीएम के जरिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

इन चुनावों को प्रदेश की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषक इसे 2027 विधानसभा चुनाव से पहले का सेमीफाइनल बता रहे हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकी और अंतिम दिन बड़े नेताओं ने धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन में लगातार जनसभाएं और रोड शो किए।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश में कुल 3 लाख 60 हजार 859 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। कुल 1147 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 218 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। मंडी में 180, शिमला में 123, सोलन में 121, ऊना में 118, कुल्लू में 100, बिलासपुर में 87, सिरमौर में 84, चंबा में 72 और हमीरपुर में 44 उम्मीदवार मैदान में हैं।

मतदान के लिए प्रदेशभर में 589 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव आयोग शनिवार सुबह से ही पोलिंग पार्टियों को अंतिम प्रशिक्षण देने के बाद ईवीएम मशीनों के साथ बूथों के लिए रवाना कर रहा है। करीब 550 पोलिंग पार्टियां चुनाव ड्यूटी पर तैनात की गई हैं। प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

धर्मशाला नगर निगम चुनाव के लिए भी शनिवार को पोलिंग पार्टियां अपने-अपने बूथों के लिए रवाना हो गईं। नगर निगम के 17 वार्डों के लिए प्रत्येक वार्ड में दो-दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पोलिंग पार्टियों को धर्मशाला कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम से एचआरटीसी बसों के जरिए रवाना किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने कर्मचारियों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश दिए।

मंडी जिले में भी चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के सात शहरी निकायों के 61 वार्डों में मतदान होगा। यहां करीब 60 हजार मतदाता 180 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। नगर निगम मंडी, सुंदरनगर, नेरचौक, जोगिंद्रनगर, सरकाघाट, रिवालसर और करसोग में मतदान होना है। जिला प्रशासन ने 61 वार्डों को 20 सेक्टरों में बांटा है और 91 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं।

मंडी में नगर निगम को छोड़कर बाकी सभी छह निकायों में मतदान खत्म होते ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी, जबकि नगर निगम मंडी के परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे। करसोग और रिवालसर में कुछ वार्ड पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। वहीं कुछ वार्डों में कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं होने के कारण वहां मतदान नहीं होगा।

सिरमौर जिले में नगर परिषद नाहन, पांवटा साहिब और नगर पंचायत राजगढ़ के कुल 33 वार्डों में मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा ने मतदाताओं से समय पर मतदान केंद्र पहुंचने की अपील की है। प्रशासन ने गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर छाया और पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

अब प्रदेश की नजर रविवार को होने वाले मतदान और उसके बाद आने वाले नतीजों पर टिकी हुई है। खासकर चार नगर निगमों के चुनाव परिणाम राज्य की राजनीति की दिशा तय करने वाले माने जा रहे हैं।