Follow Us:

शिमला की थानाधार और हमीरपुर की सिकांदर पंचायत को मिलेगा राष्‍ट्रपति से सम्‍मान

National Panchayat Awards Himachal: हिमाचल प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पंचायतों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते तीन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार जीते हैं। देशभर की पंचायतों को स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों की नौ थीम श्रेणियों में ये पुरस्कार दिए गए। ये पुरस्कार 11 दिसंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किए जाएंगे।

शिमला जिले की थानाधार पंचायत ने “सामाजिक रूप से सुरक्षित गांव” श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस पुरस्कार के लिए पंचायत को 75 लाख रुपये की राशि मिलेगी। इसके अलावा, थानाधार पंचायत को नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार श्रेणी में भी तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है, जिसके तहत 50 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

जल संरक्षण के क्षेत्र में शानदार कार्य करने के लिए हमीरपुर जिले के बमसन ब्लॉक की सिकांदर पंचायत को “जल पर्याप्त पंचायत” श्रेणी में दूसरा पुरस्कार मिला है। इस उपलब्धि के लिए पंचायत को 75 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।

पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने इन उपलब्धियों पर पंचायतों को बधाई देते हुए कहा कि शिमला की थानाधार और हमीरपुर की सिकांदर पंचायत ने अनुकरणीय कार्य कर ये सम्मान हासिल किया है। उन्होंने प्रदेश की अन्य पंचायतों को भी भविष्य में इसी तरह की मेहनत कर इन पुरस्कारों के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने का आह्वान किया।