➤ पशु मित्र भर्ती में बड़ा बदलाव, अब अभ्यर्थियों को 25 किलो बोरी उठाकर दौड़ नहीं लगानी होगी
➤ पुरुषों के लिए 5 किमी और महिलाओं के लिए 1500 मीटर दौड़ का नया नियम लागू
➤ राज्य में पशु मित्र के 500 पदों पर भर्ती, चार घंटे ड्यूटी के लिए 5 हजार मानदेय
शिमला: हिमाचल प्रदेश में पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब अभ्यर्थियों को भर्ती के दौरान 25 किलो की बोरी उठाकर दौड़ लगाने की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। पशुपालन विभाग ने भर्ती नियमों में संशोधन करते हुए नए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
नए नियमों के तहत अब पुरुष अभ्यर्थियों को 5 किलोमीटर की दौड़ 30 मिनट में और महिला अभ्यर्थियों को 1500 मीटर की दौड़ 10 मिनट में पूरी करनी होगी। पहले भर्ती प्रक्रिया में 100 मीटर की दौड़ के दौरान 25 किलो तक वजन उठाकर दौड़ना पड़ता था, जिसे अब पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. संजीव कुमार धीमान ने बताया कि राज्य में पशु मित्रों के 500 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। जिन अभ्यर्थियों का ग्राउंड टेस्ट पहले ही हो चुका है, उन्हें दोबारा शारीरिक परीक्षण देने की आवश्यकता नहीं होगी। आगे की भर्ती प्रक्रिया अब नए नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी।
दरअसल, भर्ती प्रक्रिया में बदलाव का फैसला उस घटना के बाद लिया गया, जब मंडी जिले के सरकाघाट में बोरी उठाकर दौड़ते समय एक युवती गिर गई थी। इस घटना के बाद भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठे थे और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई थी।
मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने भर्ती नियमों की समीक्षा कर जरूरी बदलाव करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने प्रक्रिया में संशोधन कर नए दिशा-निर्देश लागू कर दिए।
पशुपालन विभाग के अनुसार, चयनित पशु मित्रों को प्रतिदिन चार घंटे की ड्यूटी करनी होगी और इसके बदले पांच हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। इन पशु मित्रों की तैनाती गांवों में की जाएगी, ताकि पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सेवाएं मिल सकें।



