Follow Us:

हिमाचल में पीईटी शिक्षकों के 355 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, 21 साल बाद बैचवाइज भर्ती से युवाओं में खुशी

हिमाचल में पीईटी शिक्षकों के 355 पद बैचवाइज आधार पर भरे जाएंगे
3 और 4 जून को होगी काउंसलिंग, अभ्यर्थियों को बड़ी राहत
करीब 21 साल बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से युवाओं में खुशी


हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से खाली चल रहे शारीरिक शिक्षा शिक्षकों (PET) के पदों को भरने की प्रक्रिया आखिरकार शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर में 355 पीईटी पदों को बैचवाइज आधार पर भरने का फैसला लिया है। इस फैसले से वर्षों से भर्ती का इंतजार कर रहे डीपीएड, डीपीई और शारीरिक शिक्षा डिग्रीधारकों में नई उम्मीद जगी है।

जानकारी के अनुसार प्रदेश के सरकारी स्कूलों में वर्तमान समय में पीईटी के 1011 पद खाली चल रहे हैं। ऐसे में शिक्षा विभाग की ओर से शुरू की गई यह भर्ती प्रक्रिया युवाओं के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि करीब 21 वर्षों बाद बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से अब उन्हें नौकरी मिलने की उम्मीद दिखाई देने लगी है।

शिक्षा निदेशालय ने भर्ती प्रक्रिया के लिए 3 और 4 जून को काउंसलिंग की तिथि तय की है। इस बार भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब उम्मीदवारों को केवल अपने ही जिले में काउंसलिंग के लिए उपस्थित होना होगा। वहीं अन्य जिलों के लिए वे निर्धारित प्रपत्र पर अपनी प्राथमिकताएं दर्ज कर सकेंगे।

पहले अभ्यर्थियों को अलग-अलग जिलों में जाकर काउंसलिंग में हिस्सा लेना पड़ता था, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नई व्यवस्था से उम्मीदवारों का समय और खर्च दोनों बचेंगे।

शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने बताया कि भर्ती के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से डीपीएड डिग्री या डिप्लोमा होना अनिवार्य होगा। इसके अलावा शारीरिक शिक्षा में 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक डिग्री रखने वाले अभ्यर्थी भी पात्र होंगे। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार अंकों में छूट दी जाएगी।

निदेशालय ने विभिन्न श्रेणियों के लिए अलग-अलग कटऑफ बैच तय किए हैं। सामान्य वर्ग के लिए 31 दिसंबर 2005 तक, एससी अनारक्षित के लिए 31 दिसंबर 2007 तक, ईडब्ल्यूएस के लिए वर्ष 2006 तक तथा अन्य वर्गों के लिए अलग-अलग कटऑफ निर्धारित किए गए हैं।

काउंसलिंग के दौरान उम्मीदवारों के सभी शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच भी की जाएगी।

किस जिले में कितने पद भरेंगे

  • बिलासपुर – 10
  • चंबा – 29
  • हमीरपुर – 18
  • कांगड़ा – 75
  • किन्नौर – 7
  • कुल्लू – 24
  • लाहौल-स्पीति – 5
  • मंडी – 62
  • शिमला – 42
  • सिरमौर – 30
  • सोलन – 14
  • ऊना – 39

कुल पद – 355

पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्करों को भी राहत

उधर शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में कार्यरत पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्करों को भी बड़ी राहत दी है। विभाग ने फिलहाल आगामी आदेशों तक उन्हें वीएसके पोर्टल पर लोकेशन आधारित ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने से छूट दे दी है।

यह फैसला उन शिकायतों के बाद लिया गया जिनमें कहा गया था कि कई वर्करों के पास स्मार्टफोन नहीं हैं, जिसके कारण वे ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज नहीं कर पा रहे थे। शिक्षा विभाग ने मामले की समीक्षा के बाद फिलहाल सभी वर्करों को इस व्यवस्था से राहत देने का निर्णय लिया है।