Follow Us:

हिमाचल पुलिस पेपर लीक मामले में 4 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 24 की गिरफ्तारी

हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में रोजाना नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में 4 और आरोपियों को नालागढ़ से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी से पहले आरोपियों से कुछ सवाल जवाब किए गए।

डेस्क |

हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में रोजाना नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में 4 और आरोपियों को नालागढ़ से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी से पहले आरोपियों से कुछ सवाल जवाब किए गए।

पूछा गया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कहां के निवासी हैं तो चारों सही उत्तर नहीं दे पाए। चारों को यह भी नहीं पता था कि मशहूर मिंजर मेला कहां लगता है? कांस्टेबल परीक्षा में इनके अंक 68 से 73 के बीच बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सख्ती की तो चारों ने गुनाह कबूल कर लिया।

सोमवार को चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस चारों को रिमांड पर लेकर पता लगाने की कोशिश करेगी कि पेपर लीक मामले में संलिप्त दलाल और अन्य अभ्यर्थी कौन हैं। अब तक इस मामले में कुल 24 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

बताया जा रहा है कि पेपर लीक करने वाले दलाल इन्हें भी परीक्षा से एक दिन पहले अपने साथ हरियाणा ले गए थे, जहां पर इन्हें पेपर रटाया गया और वापस नालागढ़ छोड़ा गया। इन्होंने भी दलालों को नकद पैसे दिए हैं। मामले में अभी और खुलासे होने की संभावना है।

कांगड़ा में दर्ज हुई एफआईआर
बता दें कि कांगड़ा पुलिस ने सबसे पहले दो लोगों को गिरफ्तार करके FIR दर्ज की। इसके बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने खुद मीडिया के सामने आकर पुलिस कांस्टेबल परीक्षा रद्द करने का ऐलान किया और मामले की जांच के लिए SIT गठित की। कांगड़ा के बाद सोलन और शिमला में भी पेपर लीक की पुष्टि हो गई है।