➤ दोपहिया चालकों का पुराना रिकॉर्ड खंगालेगी पुलिस, आदतन उल्लंघन करने वालों के लाइसेंस होंगे निलंबित या रद्द
➤ पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के दिए निर्देश
➤ नाबालिगों को बाइक-स्कूटी देने पर अभिभावकों के खिलाफ भी होगी कार्रवाई
शिमला: हिमाचल प्रदेश में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर अब पुलिस का शिकंजा और कसेगा। पुलिस अब ऐसे चालकों का पुराना रिकॉर्ड खंगालेगी। आदतन नियम तोड़ने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या रद्द करवाने के लिए मामले संबंधित प्राधिकरण को भेजे जाएंगे। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को प्रदेशभर में विशेष जांच अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के दौरान पुलिस का विशेष ध्यान तेज रफ्तार से वाहन चलाकर जान जोखिम में डालने वाले युवाओं पर रहेगा। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में चलने, गलत ओवरटेक करने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करने वालों की पहचान कर कार्रवाई होगी। ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों पर भी सख्ती की जाएगी।
प्रदेश पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना है।
पुलिस मुख्यालय ने नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों को भी विशेष अभियान में शामिल किया है। यदि अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को बाइक या स्कूटी चलाने के लिए देते हैं, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मोटर वाहन अधिनियम के तहत ऐसे मामलों में वाहन मालिक और अभिभावक की जवाबदेही तय करने का प्रावधान है।
पहाड़ी राज्य हिमाचल की सड़कें संकरी और घुमावदार हैं, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। दोपहिया वाहन चालकों में सिर की चोट मौत का बड़ा कारण मानी जाती है, इसलिए आईएसआई मार्क वाला हेलमेट पहनना और उसका पट्टा ठीक से बांधना बेहद जरूरी है। अभिभावकों को चाहिए कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन न दें, क्योंकि ऐसे में बच्चे की जान के साथ दूसरों की जान भी खतरे में पड़ती है। वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा और पंजीकरण के दस्तावेज वाहन के साथ रखना भी जरूरी है।



