Follow Us:

हिमाचल में पहली बार पुलिस भर्ती में अभ्यर्थियों को दिया जा रहा ‘फ्री ख़ाना’

सुनील ठाकुर |

बिलासपुर के लुहणू ग्राउंड में 3 से 6 जुलाई तक चलने वाली पुलिस भर्ती प्रक्रिया में सभी अभ्यर्थियों को बिलासपुर पुलिस द्वारा एक टाइम का मुफ्त खाना दिया जा रहा है। ये जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने दी। अशोक कुमार ने कहा कि इस पुलिस भर्ती में लगभग छह हजार लड़के और लड़कियां भाग लेंगे जिनके लिए यहां पर खाने की व्यवस्था भी की गई है।

भर्ती के लिए सुबह सवेरे बच्चों को घर से जल्दी निकलना पड़ता है, जिसके चलते अधिकांश बच्चे खाना नहीं खा पाते। इसी के मद्देनज़र स्थानीय लोगों के प्रयासों से ये मुहीम चलाई गई है। जो लड़के और लड़कियां भर्ती के लिए आई हैं उन्हें अपने एडमिट कार्ड दिखाकर भोजन दिया जाएगा।

बता दें कि प्रदेश में पहली बार हो रहा है कि किसी पुलिस भर्ती में आने वाले युवाओं को पसीना बहाने के बाद खाना-खाने की व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था के तहत भर्ती के दौरान छह हजार युवाओं के लिए खाना बनाया जाएगा और दोपहर में परोसा जाएगा।