Follow Us:

बुधवार को होगी कैबिनेट की बैठक, कोरोना बंदिशों को लेकर आ सकता है कोई फैसला

पी. चंद |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में होने वाली नए साल की पहली कैबिनेट बैठक 5 जनवरी यानी कल 10 बजे राज्य सचिवालय में होगी। पहले ये बैठक सुबह साढ़े 10 बजे रखी गई थी। लेकिन मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के प्रधानमंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कार्यक्रम में जुड़ने के चलते बैठक को साढ़े दस के बजाए 10 बजे रखा गया है।

प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति पर कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य विभाग प्रस्तुति देगा। जिसमें कोविड की वर्तमान स्थिति को देखते हुए बंदिशें लगाई जा सकती है। नाईट कर्फ्यू, स्कूलों में छुट्टियों और कार्यक्रमों में भीड़ पर बंदिशें लगाई जा सकती है।

हिमाचल प्रदेश के हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नीति बनाए जाने का मामला कैबिनेट बैठक में हो सकता है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी सरकारी विभागों में सेवाएं दे रहे हैं। कैबिनेट में नई खेल नीति को मंजूरी मिल सकती है जिसके बाद यह लागू होगी। फरवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र पर भी कैबिनेट में निर्णय हो सकता है। नई पेंशन योजना पर भी हिमाचल सरकार विचार कर सकती है।