Follow Us:

‘वीरभद्र का मंच से सुक्खू पर बयानबाजी करना सरासर गलत’

नवनीत बत्ता |

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और अखिल भारतीय कांग्रेस के सदस्य सुनील शर्मा बिट्टू ने वीरभद्र द्वार सुक्खू को कांग्रेस की हार के लिए जिम्मेदार ठहराए जाने को गलत करार दिया है। उन्होंने कहा कि जीत और हार चुनावी रण का हिस्सा है, जिसको संयम से लेना चाहिए और जनता के जनादेश को मानकर आत्ममंथन करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ाना चाहिए। वीरभद्र सिंह जैसे कद्दावर नेता द्वारा अपनी ही पार्टी के नेता सुक्खू के ऊपर बार-बार गलत बयानबाजी करना सरासर गलत है।

सुनील शर्मा ने कहा की वह वीरभद्र का आदर करते हैं परंतु उनकी समय के विपरीत दिशा में तर्कहीन बयानबाजी पार्टी को नुकसान पहुंचा रही है। कांग्रेस पार्टी के हजारों कार्यकर्ता एवं जनता कांग्रेस विचारधारा की सर्व धर्म, सर्व समाज एवं विकास की नीतियों में आज भी विश्वास रखती है। हार और जीत चुनावी रण का एक हिस्सा है। कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा निर्देशों के अनुसार कार्य कर जनता के बीच अपनी नीतियों की भूमिका को निभाते हुए आने वाले समय में फिर से जनता का विश्वास जीतेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा वीरभद्र को जीवन में बहुत मान सम्मान मिला है और अब समय आ गया है जिसमें वीरभद्र सिंह को अपनी सार्थक सोच के साथ हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की युवा पीढ़ी एवं नई सोच को आशीर्वाद देकर स्वागत करना होगा। सुक्खू युवा पीढ़ी के नेता हैं और छात्र जीवन से ही कांग्रेस पार्टी के लिए यथा योग्य सहयोग करते आए हैं।